2,080 करोड़ रुपए से बनेगा उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड 4-लेन एक्सप्रेस-वे, जुलाई 2028 में होगा पूर्ण

कलेक्टर एवं विधायक ने परियोजना के निर्माण कार्य की समीक्षा की

रतलाम 22 अगस्त । उज्जैन-जावरा ग्रीनफील्ड 4-लेन एक्सप्रेस-वे परियोजना के निर्माण कार्य की समीक्षा कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया एवं जावरा विधायक डॉ राजेंद्र पांडेय द्वारा की गई। परियोजना के तहत उज्जैन से जावरा तक 98.730 किलोमीटर लंबाई में ग्रीनफील्ड 4-लेन एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है। इसमें उज्जैन जिले में 78.080 किलोमीटर तथा रतलाम जिले में 20.650 किलोमीटर लंबाई शामिल है।
परियोजना की कुल लागत 2,080 करोड़ रुपए है। परियोजना का अनुबंध हाइब्रिड एन्युइटी मोड (HAM) के अंतर्गत मेसर्स उज्जैन जावरा महाकालेश्वर हाईवेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ 30 अप्रैल 2026 को किया गया है। निर्माण कार्य 16 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो चुका है। अनुबंध के अनुसार परियोजना का निर्माण कार्य 15 जुलाई 2028 तक पूर्ण किया जाना निर्धारित है।
परियोजना के अंतर्गत रतलाम जिले में भूमि अधिग्रहण मुआवजा भुगतान की स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 8 ग्रामों में 179 कृषक प्रभावित हैं। इनमें से 140 कृषकों के खाते प्राप्त हो चुके हैं, जबकि 39 कृषकों के खाते अप्राप्त हैं। अब तक 129 कृषकों को मुआवजा राशि का भुगतान प्राप्त हो चुका है तथा 50 कृषकों का भुगतान शेष है।
कलेक्टर ने परियोजना के निर्माण कार्य में आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान से संबंधित शेष कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के निर्माण में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों का संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निराकरण करें, ताकि कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *