औद्योगिक विकास को गति देने के लिए हरसंभव सहयोग एवं प्रोत्साहन दिया जाएगा : कलेक्टर श्री कटेसरिया

कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र का किया भ्रमण

रतलाम 24 अगस्त । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उद्योगों को आवश्यक प्रोत्साहन, सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है। उद्योगों की आवश्यकताओं को समझते हुए उनके विकास एवं विस्तार में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने जिले के औद्योगिक क्षेत्र एवं विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन औद्योगिक क्षेत्र तथा अल्कोहल प्लांट का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रगतिरत विद्युत ग्रिड निर्माण एवं विद्युत लाइन के विकास कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र में विकास कार्य पूर्ण होने के पश्चात भूखण्डों के आवंटन की प्रक्रिया, भूखण्डों के दर निर्धारण तथा उद्योग स्थापना के लिए आवंटित भूखण्डों पर इकाइयों को उपलब्ध कराई जाने वाली समय-सीमा के संबंध में महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि औद्योगिक क्षेत्र के विकास कार्यों को बेहतर समन्वय के साथ गति प्रदान की जाए, ताकि आगामी समय में अधिक से अधिक उद्योगों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो सके।
कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कर उनके द्वारा निर्मित उत्पादों, उत्पादन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनरी, कच्चे माल, बाजार एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उद्योग संचालकों से उनकी आवश्यकताओं एवं संभावनाओं के संबंध में भी चर्चा की और उद्योगों के विस्तार के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी ली।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ऋषभ इंडस्ट्रीज पहुंचकर स्टेशनरी सामग्री निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशनरी निर्माण में उपयोग की जा रही मशीनों एवं तकनीक की जानकारी लेते हुए उत्पादन प्रक्रिया को बारीकी से समझा। उन्होंने तैयार उत्पादों के सप्लाई एवं बाजार के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
इसके पश्चात उन्होंने अजमेरा स्टील का भ्रमण किया। यहां उन्होंने रि-रोलिंग प्रक्रिया से तैयार होने वाले विभिन्न उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया को समझा तथा अलग-अलग आकार के पाइप निर्माण में उपयोग की जा रही मशीनों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने उद्योगों द्वारा संसाधनों के बेहतर उपयोग एवं पर्यावरण अनुकूल पहल की सराहना की। उन्होंने उद्योग में 100 प्रतिशत वेस्ट के उपयोग तथा सोलर पैनल लगाए जाने के कार्य को सराहनीय बताते हुए कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देना भी महत्वपूर्ण है।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने मालपानी पाइप उद्योग का भी भ्रमण किया। उन्होंने वहां फाइबर केबल एवं स्प्रिंकलर पाइप सहित विभिन्न उत्पादों के निर्माण की प्रक्रिया का अवलोकन किया और उद्योग की उत्पादन क्षमता एवं बाजार की संभावनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा कि रतलाम जिले में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि उद्योगों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हों और नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण निर्मित हो। उन्होंने कहा कि जिले में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रोत्साहन, सहयोग एवं मदद लगातार उपलब्ध कराई जाएगी। औद्योगिक विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जिले की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
भ्रमण के दौरान महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र सहित संबंधित अधिकारी एवं औद्योगिक इकाइयों के संचालक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *