मेडिकल कॉलेज में उपचार के बाद टिकट व रिजर्वेशन की व्यवस्था कर सुरक्षित रवाना किया


रतलाम। जिला रोगी कल्याण समिति सदस्य गोविंद काकानी ने जानकारी देते हुए बताया कि भूपेंद्र पिता इकबाल, उम्र 57 वर्ष, निवासी कसेल, जिला तरन तारन, पंजाब, सूरत गुजरात से ट्रेन द्वारा अपने घर पंजाब की यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उन्हें 13 अगस्त को डॉ. लक्ष्मी नारायण पांडे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल अधीक्षक प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में अस्थि विभागाध्यक्ष डॉ. नितिन कराडिया, डॉ. अवधेश भाटी, डॉ. मोहित एवं डॉ. कपिल द्वारा उनका लगातार उपचार किया गया। भूपेंद्र अकेले यात्रा कर रहे थे और उनका बेटा कनाडा में रहता है। उपचार के बाद उन्होंने अपने घर पंजाब जाने की इच्छा चिकित्सकों के समक्ष व्यक्त की।चिकित्सकों के माध्यम से समाजसेवी गोविंद काकानी से संपर्क होने पर काकानी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और वीडियो कॉल के माध्यम से भूपेंद्र की उनके परिजनों से बातचीत करवाई। इसके बाद काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से उनकी यात्रा का टिकट उपलब्ध कराया गया।
प्रदेश कैबिनेट मंत्री एवं विधायक चैतन्य काश्यप के सहयोग से ट्रेन में रिजर्वेशन की व्यवस्था कराई गई। आवश्यक सहायता एवं व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद भूपेंद्र को सकुशल और सुरक्षित उनके घर पंजाब के लिए रवाना किया गया।गोविंद काकानी ने बताया कि अनजान शहर में अकेले उपचार करा रहे व्यक्ति को उसके परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाना मानवीय सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व सभी के सहयोग से किया जा रहा है। इस कार्य में चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधन, काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन एवं विधायक चैतन्य काश्यप का सहयोग प्राप्त हुआ।