
जावरा (अभय सुराणा)। ताराखेड़ी से नगरी, भूतेडा से सेजावता, चूरू दाल मिल चौराहा से भीमाखेड़ी चौराहा अंडरब्रिज, लालाखेड़ा चौराहा से जबरन कालोनी चौराहा, बाबा रामदेव चौराहा से श्मशान चौराहा के सड़को के डामरीकरण एवं चौड़ीकरण का एक मांग पत्र पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा ने कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग रतलाम से रतलाम ऑफिस पर जाकर उक्त सड़कों की वर्तमान स्थिति की चर्चा कर निराकरण का एक मांग पत्र दिया । जिसमें ताराखेड़ी नगरी डामरीकरण की मांग लम्बे समय से ग्रामवासियों द्वारा की जा रही थी जिससे ताराखेड़ी के साथ साथ पिपलियाजोधा, हनुमंतिया, पिपलोदी आदि गांव के किसान उस रोड से दलौदा-मंदसौर मंडी और उक्त गांवों के विद्यार्थियों को दलौदा-मंदसौर स्कूल व कॉलेज जाने में आसानी रहेगी ।
बारिश का मौसम समाप्त होते ही ताराखेड़ी नगरी रोड का डामरीकरण का कार्य तुरंत चालू करे, साथ ही जावरा शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों की जर्जर हालत और बढ़ते यातायात को लेकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल दसेड़ा जावरा शहर को जोड़ने वाले चार प्रमुख मार्गों की स्थिति से अधिकारी को अवगत कराते हुए इनके निर्माण, डामरीकरण एवं चौड़ीकरण की मांग रखी। दसेड़ा ने कहा कि इन मार्गों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और आम नागरिक जावरा आते-जाते हैं। सड़कों की खराब हालत के साथ-साथ सिंगल रोड होने से कई स्थानों पर बार-बार जाम की स्थिति बनती है।
भूतेड़ा-सेजावता रोड पर गड्ढों की भरमार है । दसेड़ा ने बताया की भूतेड़ा से सेजावता मार्ग की जर्जर हालत से आमजन परेशान हे उन्होंने बताया कि सड़क पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं कि यह पहचानना मुश्किल है कि कभी यहां डामरीकरण हुआ भी था। बारिश के कारण स्थिति और खराब हो गई है। इस मार्ग से 25 से अधिक गांवों के किसान, व्यापारी, विद्यार्थी एवं ग्रामीण प्रतिदिन जावरा आते-जाते हैं।
भूतेडा सेजावता मार्ग का तत्काल चौड़ीकरण एवं डामरीकरण भविष्य में सिंहस्थ मेले के दौरान बढ़ने वाले यातायात को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग को टू-लेन बनाने की योजना के साथ निर्माण किया जाए।
चुरूवाला दालमिल-बन्नाखेड़ा-भीमाखेड़ी अंडर ब्रिज तक मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो चुका है बड़े बड़े गड्ढे हो गए साथ ही बारिश में जल भराव की स्थिति बन जाती है इस मार्ग पर बड़ा अस्पताल होने के साथ ही स्कूल-कॉलेज और अन्य संस्थान हैं। करीब 25 गांवों के नागरिक एवं विद्यार्थी प्रतिदिन इस मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने से अस्पताल आने वाले मरीजों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस पूरे मार्ग का तत्काल डामरीकरण कराने की मांग की।
लाला खेड़ा-जबरन कॉलोनी रोड पर जाम की समस्या
लाला खेड़ा चौराहे से जबरन कॉलोनी चौराहे तक सड़क वर्तमान में सिंगल है। क्षेत्र में नई कॉलोनियों का विस्तार होने के साथ यातायात का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। इसी मार्ग पर मैरिज गार्डन होने के कारण आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था और प्रभावित हो जाती है तथा बार-बार जाम की स्थिति बनती है। दसेड़ा ने इस मार्ग को टू-लेन करने की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में शहर के विस्तार और बढ़ते यातायात को देखते हुए सड़क का चौड़ीकरण जरूरी है।
बाबा रामदेव चौराहा-श्मशान चौराहा मार्ग भी हो टू-लेन
बाबा रामदेव चौराहे से श्मशान चौराहे तक के मार्ग को भी टू-लेन करने की मांग की गई। दसेड़ा ने बताया कि इस मार्ग पर स्कूल एवं मैरिज गार्डन सहित कई महत्वपूर्ण संस्थान हैं। करीब 15 से 20 गांवों के किसान, ग्रामीण और विद्यार्थी प्रतिदिन इस सड़क से जावरा आते-जाते हैं। सिंगल सड़क होने के कारण व्यस्त समय और आयोजनों के दौरान बार-बार जाम की स्थिति बनती है।
दसेड़ा ने पीडब्ल्यूडी अधिकारी से कहा कि इन चारों मार्गों को प्राथमिकता में रखते हुए तत्काल कार्ययोजना तैयार की जाए। जिससे बारिश का मौसम समाप्त होते ही डामरीकरण कार्य प्रारंभ किया जाय साथ जहां यातायात का दबाव अधिक है, वहां टू-लेन निर्माण की कार्य योजना बनाई जाए। इससे शहर में आने-जाने वाले ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी तथा भविष्य में बढ़ने वाले यातायात की समस्या का भी समाधान हो सकेगा।