

रतलाम 2 सितंबर । मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखण्ड रतलाम द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पर्यावरण जागरूकता का संदेश देते हुए नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के सहयोग से वार्ड क्रमांक 2 लक्ष्मणपुरा, वार्ड क्रमांक 31 अंबेडकर चौक एवं वार्ड क्रमांक 32 प्रधानमंत्री आवास क्षेत्र में पौधारोपण किया गया।
कार्यक्रम में जिला समन्वयक जन अभियान परिषद रत्नेश विजयवर्गीय ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ मां के प्रति सम्मान का भाव भी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण और तापमान को देखते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण एवं उनका संरक्षण समय की आवश्यकता है।
विकासखंड समन्वयक शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं को पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्ति का संकल्प दिलाया। उन्होंने आह्वान किया कि सभी सामाजिक कार्यकर्ता सजगता के साथ सक्रिय रहकर पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के कार्यों को आगे बढ़ाएं।
इस अवसर पर परामर्शदाता जितेंद्र पाटीदार, प्रदीप बिडवाल, प्रस्फुटन समिति से अंजलि जेतपुरिया, मेघा खंडेलवाल, नवांकुर सखियों में संगीता जैन, प्रेमबाई, मंजू खंडेलवाल, कंचन यादव, पर्यावरण प्रेमी रमेश मरमट, प्रेम बेनावत, महेश नकवाल, बंटी घावरी, रामगोपाल मरमट, अंजली तथा सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र श्रेष्ठ, सतीश टांक एवं विशाल वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों ने पौधों की देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।