सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा : कलेक्टर श्री कटेसरिया

17 अक्टूबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के साथ होगा रक्तदान शिविर का आयोजन

रतलाम 15 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सभी कार्यक्रमों की आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अंतर्गत प्रदेशभर में एक साथ ग्राम पंचायतों, नगर पालिका वार्डों तथा नगर निगम वार्डों में दीप प्रज्वलन किया जाएगा। जहां दीप प्रज्वलन संभव नहीं है, वहां विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जाए। कार्यक्रम के सहयोगी गतिविधि के रूप में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा।
‘मेरे सपनों का भारत’ के अंतर्गत स्कूल, कॉलेज, आईटीआई एवं छात्रावासों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं की थीम विकास आधारित हो तथा अब तक हुए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर केंद्रित हो।
‘नमो सेवा’ के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ियों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा कलश यात्रा, सेवा यात्रा, सेवा सेतु अभियान, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ तथा सुशासन सेवा सहित विभिन्न गतिविधियां भी अभियान के दौरान आयोजित होंगी।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान के सभी कार्यक्रमों की विभागवार कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी रूप से आयोजित किया जाए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित संबंधित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *