गणेश उत्सव के तहत रतलाम में नागरिक अनुशासन एवं सामाजिक जागरूकता अभियान

रतलाम। सकल हिंदू समाज गणेश उत्सव समिति की 11 दिवसीय कार्ययोजना के अंतर्गत पूरे रतलाम नगर में नागरिक अनुशासन एवं सामाजिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अधिवक्ताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों को अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सामाजिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के अंतर्गत अधिवक्तागण एवं सामाजिक कार्यकर्ता ग्राम बंजली से दीनदयाल नगर तक तथा मुखर्जी नगर से फव्वारा चौक सहित रतलाम नगर के चारों दिशाओं के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे। इस दौरान नागरिकों को राष्ट्रीय प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा राष्ट्रहित, सामाजिक एकता, नागरिक कर्तव्यों एवं अनुशासन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
समिति द्वारा बताया गया कि गणेश उत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक जागरण, नागरिक अनुशासन एवं सामूहिक जिम्मेदारी का पर्व बनाने की दिशा में यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।
सकल हिंदू समाज गणेश उत्सव समिति का उद्देश्य है कि गणेश उत्सव के माध्यम से समाज में एकता, अनुशासन, संस्कार एवं राष्ट्रभावना को और अधिक मजबूत किया जाए। समिति द्वारा आगामी दिनों में भी नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *