‘A Century of Service’ पुस्तक विमोचन समारोह में अंतरराष्ट्रीय जैन दिवाकर विचार मंच की गरिमामयी सहभागिता

नई दिल्ली। पूर्व राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन द्वारा लिखित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से संबंधित पुस्तक ‘A Century of Service’ का विमोचन नई दिल्ली में माननीय उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन द्वारा किया गया। गरिमामय समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री श्री एल. मुरुगन एवं पुडुचेरी के मंत्री श्री नमच्चिवायम सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
अंतरराष्ट्रीय जैन दिवाकर विचार मंच के राष्ट्रीय वरिष्ठ मार्गदर्शक अभय सुराणा ने बताया कि मंच के संरक्षक गोपीनाथ एवं अंतरराष्ट्रीय युवा अध्यक्ष पवन जैन के निमंत्रण पर मंच का प्रतिनिधिमंडल इस महत्वपूर्ण समारोह में सम्मिलित हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, पूर्व राज्यपाल डॉ. तमिलिसाई सौंदरराजन एवं केंद्रीय मंत्री श्री एल. मुरुगन को मैसूर में राष्ट्र संत डॉ. कमल मुनि कमलेश जी के सानिध्य में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय अहिंसा सम्मेलन का निमंत्रण प्रदान किया।
अभय सुराणा ने बताया कि उपराष्ट्रपति जी ने निमंत्रण को स्वीकार करते हुए सम्मेलन की तिथि के संबंध में तीन दिवस में जानकारी देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मंच की ओर से गणमान्य अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
समारोह में उपस्थित दिवाकर मंच के कार्यकर्ताओं सहित सभी सहभागियों को ‘A Century of Service’ पुस्तक भी प्रदान की गई। राष्ट्रीय स्तर के इस गरिमामय आयोजन में अंतरराष्ट्रीय जैन दिवाकर विचार मंच की सहभागिता एवं मंच के प्रतिनिधियों को प्राप्त सम्मान को संपूर्ण जैन समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए अभय सुराणा ने कहा कि यह उपलब्धि मंच के कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण एवं अहिंसा के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के प्रयासों का परिणाम है।
इस अवसर पर राष्ट्र संत डॉ. कमल मुनि कमलेश जी ने मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने अहिंसा, सेवा एवं सामाजिक समरसता के संदेश को निरंतर आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *