शिक्षा- संस्कार- सेवा से बनेगा सपनों का भारत – प्रफुल्ल जैन

विकासखंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता संपन्न

पिपलौदा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सांदीपनि विद्यालय में विकासखंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विकासखंड के 9 संकुलों से आए चयनित विद्यार्थियों ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विचार रखे। प्रतियोगिता में हाईस्कूल रणायरा की छात्रा कुसुम कुमावत प्रथम तथा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शेरपुर की कृष्णा चौहान द्वितीय स्थान पर रही। विद्यार्थियों ने विकसित भारत, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, समृद्ध और शिक्षित युवा, उन्नत कृषि तथा विज्ञान, पर्यावरण, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और महिला सशक्तिकरण पर अपने विचारों से 2047 तक भारत के विकास की कल्पना प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रफुल्ल जैन ने शिक्षा, संस्कार तथा सेवा की भावना को जागृत करने की प्रेरणा प्रदान की। विशेष अतिथि देवेंद्र भारद्वाज ने देश को नई सोच के साथ आगे बढ़ाने के लिए युवाओं के संकल्प का आह्वान किया। प्राचार्य संजय कुमार शर्मा ने कहा कि विचारों को गति देने तथा सोच को विकसित करने की आवश्यकता है, कोई भी सपना साकार हो सकता है।

26 को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे सहभागिता
कार्यक्रम प्रभारी सोनाली जैन तथा अक्षिता वैराडिया ने बताया कि संकुल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में अवसर मिला था। यहाँ से चयनित विद्यार्थी 26 सितंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम का संचालन संजय भट्ट ने किया।

विकासखंड स्तरीय मोगली उत्सव प्रतियोगिता आयोजित
सांदीपनि विद्यालय में ही विकासखंड स्तरीय मोगली उत्सव प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। सीनियर वर्ग में 12 तथा जूनियर वर्ग में 9 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सीनियर वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिवम धाकड़ व हाईस्कूल मामटखेड़ा की अंशिका कारपेंटर तथा जूनियर वर्ग में सांदीपनि विद्यालय के द्विज राठौर तथा वंशिका नागर प्रथम स्थान पर रहे। ये सभी 29 सितंबर को जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *