सामूहिक श्राद्ध कर्म की तैयारियों को लेकर वृहद बैठक आयोजित

रतलाम 28 सितंबर। युवा सेवा संघ के तत्वावधान में कस्तूरबा नगर स्थित निजी उद्यान में योग वेदांत सेवा समिति, युवा सेवा संघ, मांगल्य मंदिर ट्रस्ट एवं महिला उत्थान मंडल रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में वृहद बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिवर्षानुसार सर्वपितृ अमावस्या के अवसर पर आयोजित होने वाले पूर्णतः निःशुल्क सामूहिक श्राद्ध कर्म की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस वर्ष 10 अक्टूबर, शनिवार को श्री हिम तारा रिजॉर्ट, खेतलपुर, रतलाम में सामूहिक श्राद्ध कर्म, तर्पण एवं पिंडदान का आयोजन किया जाएगा। इसमें रतलाम शहर सहित ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में सनातनी बंधु अपने दिवंगत पितरों के निमित्त श्राद्ध कर्म में सम्मिलित होंगे।
श्राद्ध कर्म उड़ीसा, जगन्नाथ पुरी के विद्वान एवं संयमी ब्राह्मण देव श्री शारदा प्रसाद मिश्र जी के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। बैठक में विशेष रूप से निर्णय लिया गया कि भारतवर्ष की वैदिक परंपरा के अनुरूप विभिन्न तीर्थस्थलों से पूजन कर तीर्थजल रतलाम लाया जाएगा, जिसे विधिवत कलश यात्रा के माध्यम से 10 अक्टूबर को होने वाले सामूहिक श्राद्ध कर्म में सम्मिलित किया जाएगा।
महर्षि संजय शिवशंकर दवे ने बताया कि 3 अक्टूबर को महालक्ष्मी प्राकट्य उत्सव के अंतर्गत विधिवत महालक्ष्मी पूजन एवं हवन किया जाएगा। इस अवसर पर श्राद्ध कर्म में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं के लिए मां लक्ष्मी प्रसाद एवं कुबेर (समृद्धि) पोटली तैयार की जाएगी, जिसका वितरण 10 अक्टूबर को आयोजित सामूहिक श्राद्ध कर्म में किया जाएगा।
युवा सेवा संघ अध्यक्ष रूपेश साल्वी ने बताया कि आयोजन स्थल पर श्राद्ध कर्म में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं के लिए श्राद्ध कर्म में लगने वाली संपूर्ण पूजन सामग्री निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भोजन-प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी।
मांगल्य मंदिर के व्यवस्थापक महावीर सिंह ने नगर के धर्मप्रेमी जनों से अपील करते हुए बताया कि आयोजन के लिए पंजीयन प्रारंभ हो चुका है। जो भी श्रद्धालु अपने दिवंगत पितरों के निमित्त सामूहिक श्राद्ध कर्म में सम्मिलित होना चाहते हैं, वे सर्वपितृ अमावस्या, 10 अक्टूबर के लिए अपना पंजीयन समय रहते अवश्य करवाएं।
बैठक में मुख्य रूप से धर्मेश भाई, डॉ. धर्मराज वाघेला, राजेश कुमावत, प्रेम प्रकाश बाथव, राकेश परिहार, रवींद्र सिंह जादोन, अंकुर चौधरी, राजेंद्र निगम, पीयूष व्यास, पंकज ओसवाल, मुकेश मालवीय, शंकर राठौड़, अनिल वर्मा, राजीव मौर्य, सौम्य साल्वी, पुरूराज माखन भाई एवं घनश्याम भाई उपस्थित रहे।
महिला उत्थान मंडल से चंद्रलेखा मोड़, सविता साल्वी, हर्षिता करनानी, तारा वर्मा, उमा जादौन, चित्रा मालवीय, पार्वती शर्मा, विष्णु कुंवर, इंद्रा शर्मा, रंजना साल्वी एवं मुक्ति करनानी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *