रतलाम की धरती अद्भुत, खेती में बदलाव के साथ किसान कर रहे अलग-अलग प्रकार की खेती : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

  • किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए करें प्रेरित, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को और बढ़ावा दें
  • बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से जुड़े, उन्नत किसानों से किया संवाद

रतलाम । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रतलाम की धरती अद्भुत है। यहां किसान खेती में बदलाव के साथ अलग-अलग प्रकार की खेती कर रहे हैं। किसानों को सोलर पंप लगाने के लिए प्रेरित किया जाए, जिससे उन्हें बिजली संबंधी समस्याओं से मुक्ति मिले। सोलर पंप स्थापना को अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाए। साथ ही जैविक एवं प्राकृतिक खेती को और अधिक बढ़ावा दिया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बलराम कृषि महोत्सव-2026 के अंतर्गत कृषि उपज मंडी रतलाम में आयोजित कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जिले के उन्नत किसानों श्रीमती रेखा व्यास, श्री कन्हैयालाल पाटीदार, श्री धर्मेंद्र जाट, श्री प्रवीण सिंह एवं श्री दिलीप पाटीदार से संवाद किया। किसानों ने आधुनिक खेती, बागवानी, दुग्ध उत्पादन एवं दूध प्लांट सहित विभिन्न नवाचारों के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रतलाम कालका माता की नगरी होने के साथ सौभाग्यशाली नगरी है। रतलाम की पहचान अमूल दूध के साथ-साथ स्वर्ण नगरी के रूप में भी है। जिले में बदलाव के साथ अंगूर की खेती और इससे संबंधित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है। एक जिला-एक उत्पाद के अंतर्गत भी रतलाम में बेहतर कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूरा वर्ष किसान वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबल नदी से पानी लाने की संभावनाओं पर कार्य किया जा रहा है। किसानों को अब दिन में 10 घंटे बिजली प्राप्त होगी। नदी जोड़ो परियोजनाओं से पूरे क्षेत्र में व्यापक बदलाव आएगा। आठ लेन सड़क निर्माण से क्षेत्र में फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा मिलेगा तथा फार्मा उद्योग के विस्तार की भी संभावनाएं बढ़ेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि वृंदावन गांव में पशु नस्ल प्रतियोगिता आयोजित की जाए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये का पुरस्कार सरकार द्वारा दिया जाएगा।

खेती के साथ बागवानी में भी रतलाम में अपार संभावनाएं
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संवाद करते हुए कहा कि रतलाम जिले में खेती के साथ-साथ बागवानी के क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं हैं। बलराम कृषि महोत्सव के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिकों का सहयोग एवं उपयोगी जानकारी मिल रही है, जो किसानों के लिए अत्यंत लाभदायक है।
अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पूरे देश में बलराम महोत्सव आयोजित करने का संकल्प सरकार ने लिया है। किसान कल्याण वर्ष के दौरान किसानों के हित में नवाचार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण मिलता था और उस पर चक्रवृद्धि ब्याज भी लगता था, जबकि वर्तमान में किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है।
जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को छात्र जीवन से ही विभिन्न विषयों की गहरी जानकारी रही है, जिसका लाभ किसानों को भी मिल रहा है। उन्होंने क्षेत्र में ग्रीन एक्सप्रेस-वे की घोषणा, बेहतर मार्केटिंग व्यवस्था तथा जन विश्वास के माध्यम से जनसुनवाई जैसे कार्यों की सराहना की।

उन्नत किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों द्वारा उन्नत किसानों तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मंडी परिसर में प्रदर्शनियां भी लगाई गईं, जिसमें 16 स्टॉल लगाए गए। जिनका किसानों ने लाभ उठाया।
कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री चैतन्य काश्यप, अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव, जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय, रतलाम ग्रामीण विधायक श्री मथुरालाल डामोर, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लाला बाई शंभुलाल चंद्रवंशी, महापौर श्री प्रहलाद पटेल, आरडीए अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *