रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता: नकली सोना-चांदी बेचकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

  • हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में ठगी करने वाले गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार
  • 3 पुरुष एवं 3 महिलाएं गिरफ्तार; 11.80 किलोग्राम नकली सोने के आभूषण व मूर्ति, 2.20 किलोग्राम नकली चांदी के आभूषण, 400 ग्राम चांदी के सिक्के और ₹30,000 नकद सहित इलेक्ट्रिक तौल कांटा जब्त

रतलाम 18 अक्टूबर । आगामी त्योहारों के दृष्टिगत बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए रतलाम पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना माणकचौक पुलिस ने नकली सोना-चांदी के आभूषण असली बताकर व्यापारियों एवं आमजन के साथ ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के 6 सदस्यों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
थाना माणकचौक पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, नकदी एवं इलेक्ट्रिक तौल कांटा जब्त किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा रतलाम में एक व्यापारी के साथ ठगी करने तथा उत्तर प्रदेश एवं बिहार में भी ठगी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। घटना का विवरण– पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में गुंडे-बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण श्री विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम शहर श्री राकेश पंद्रो एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना माणकचौक पुलिस की विशेष टीम संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रख रही थी।
इसी दौरान दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हरियाणा राज्य के फरीदाबाद जिले से आए कुछ संदिग्ध महिला एवं पुरुष रतलाम क्षेत्र में नकली सोने-चांदी के आभूषण बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। आरोप था कि वे नकली आभूषणों को असली बताकर व्यापारियों एवं आमजन को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर थाना माणकचौक पुलिस की विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन पुरुष एवं तीन महिला आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से नकली सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, नकदी एवं इलेक्ट्रिक तौल कांटा बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को फरियादी मुस्तफा तांबावाला की बर्तन की दुकान पर जाकर नकली सोने का टुकड़ा असली बताकर ठगी करना स्वीकार किया है। इसके अतिरिक्त, पूछताछ में आरोपियों द्वारा उत्तर प्रदेश एवं बिहार राज्य में भी ठगी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार करने की जानकारी सामने आई है। पुलिस द्वारा आरोपियों से अन्य संभावित वारदातों, ठगी के तरीके तथा गिरोह की गतिविधियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
मामले में थाना माणकचौक पर अपराध क्रमांक 566/2026, धारा 318(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त आभूषणों एवं अन्य सामग्री की विधिवत जप्ति की गई है।

गिरफ्तार आरोपी–

  1. सागर पिता गणेश राठौर, उम्र 29 वर्ष, निवासी पीटी छज्जुराम विद्यालय के पास, आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा।
  2. गणेश पिता गंगाराम राठौर, उम्र 55 वर्ष, निवासी छज्जुराम विद्यालय के पास, आदर्श नगर, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद, हरियाणा।
  3. मानसिंह पिता वीरचन्द राय, उम्र 36 वर्ष, निवासी 228 बदालीखेड़ा, एमजेएसएस पब्लिक स्कूल के पास, कानपुर रोड, थाना सरोजनी नगर, लखनऊ।

इसके अतिरिक्त तीन महिला आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

जब्त मशरूका– पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामग्री जब्त की गई है—

  • चांदी के 09 सिक्के: कुल वजन 400 ग्राम।
  • नकली चांदी के आभूषण: कुल वजन 2.200 किलोग्राम।
  • नकली सोने के आभूषण एवं मूर्ति: कुल वजन 11.800 किलोग्राम।
  • नकदी: ₹30,000।
  • इलेक्ट्रिक तौल कांटा: 01 नग।

अंतरराज्यीय गिरोह से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी–
थाना माणकचौक पुलिस द्वारा आरोपियों से गिरोह की गतिविधियों, ठगी के अन्य मामलों तथा विभिन्न राज्यों में उनकी संभावित संलिप्तता के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य इस प्रकार की ठगी की अन्य घटनाओं का पता लगाना तथा आमजन एवं व्यापारियों को नकली आभूषण असली बताकर ठगने वाले लोगों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करना है।

सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी माणकचौक निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, उपनिरीक्षक लोकेन्द्रसिंह डाबर, सहायक उपनिरीक्षक गौरचन्द परमार, प्रधान आरक्षक राजसिंह, प्रधान आरक्षक जितेंद्र जायसवाल, आरक्षक अविनाश मिश्रा, आरक्षक हेमंत यादव, आरक्षक सुरेन्द्रसिंह, आरक्षक पंकज, आरक्षक कुलदीप जाट, आरक्षक महेश, आरक्षक जीवन विश्वकर्मा, आरक्षक धीरज यादव, महिला आरक्षक वर्षा पाटीदार, महिला आरक्षक मेघा, महिला आरक्षक भारती पंवार, महिला आरक्षक प्रवीणा सोलंकी एवं महिला आरक्षक वर्षा कैथवास की सराहनीय भूमिका रही।

रतलाम पुलिस की आमजन एवं व्यापारियों से अपील
रतलाम पुलिस आमजन एवं व्यापारियों से अपील करती है कि सोने-चांदी के आभूषण खरीदते समय उनकी प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा असामान्य रूप से कम कीमत पर सोना-चांदी बेचने की पेशकश किए जाने पर सतर्क रहें। संदिग्ध व्यक्तियों या ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
रतलाम पुलिस — त्योहारों में सुरक्षा, अपराधियों पर सख्ती और आमजन के विश्वास की रक्षा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *