विभिन्न रेल मंडलों में सामने आए सतर्कता प्रकरणों से सीख लेकर नियमों के पालन एवं कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने पर दिया जोर



रतलाम। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल में दिनांक 17 अगस्त से 16 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में एक सेमिनार का आयोजन किया गया।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सेमिनार में पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय से पधारे वरिष्ठ उप महाप्रबंधक श्री नरेंद्र ए. पाटिल एवं मंडल रेल प्रबंधक, रतलाम, श्री अश्वनी कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया। इस दौरान विभिन्न रेल मंडलों में सामने आए सतर्कता प्रकरणों की जानकारी देते हुए संबंधित मामलों से प्राप्त सीख पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि ऐसे प्रकरणों से सबक लेकर अपनी कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार करना तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन करना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, नैतिक मूल्यों को अपनाने और सतर्कता के प्रति जागरूक रहकर संगठन में विश्वास एवं कार्यकुशलता को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
सतर्कता जागरूकता अभियान के अंतर्गत रतलाम मंडल में “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय पर रेल कर्मचारियों के लिए कविता पाठ प्रतियोगिता तथा रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कविता पाठ प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। विजेताओं में प्रथम स्थान पर श्री दर्पण चौहान, सामान्य सहायक, मंडल कार्यालय, रतलाम; द्वितीय स्थान पर श्रीमती उदय कुँवर पँवार, गोपनीय सहायक, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी तथा तृतीय स्थान पर श्री भगवान दास राठौर, सहायक मंडल इंजीनियर, रतलाम रहे।
इसी क्रम में पश्चिम रेलवे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रतलाम के विद्यार्थियों के लिए आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। इसमें प्रथम स्थान पर कुमारी अनामिका केतवास, कक्षा 10-B; द्वितीय स्थान पर कुमारी दिव्या व्यास, कक्षा 9-A तथा तृतीय स्थान पर कुमारी अवनी मुखिया, कक्षा 12-C रहीं।
इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री सुमित हंसराजानी, सहायक सतर्कता अधिकारी श्री संदीप भंडारे, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) श्री अक्षय कुमार तथा मंडल कार्मिक अधिकारी (प्रभारी) श्री सोमनाथ गायकवाड़ सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी एवं अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सेमिनार में सतर्कता संबंधी प्रकरणों से सीख लेकर भविष्य में त्रुटियों एवं अनियमितताओं की पुनरावृत्ति रोकने तथा कार्यस्थल पर ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही की संस्कृति को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
यह आयोजन सतर्कता जागरूकता अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक और प्रतिबद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।