25 सदस्यीय टीम में विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को अवसर, नवनियुक्त पदाधिकारियों में उत्साह

बड़ावदा(शिरीष सकलेचा) । भारतीय जनता पार्टी के बड़ावदा मंडल की बहुप्रतीक्षित कार्यकारिणी की घोषणा सोमवार रात कर दी गई। करीब 17 माह के लंबे इंतजार के बाद घोषित इस कार्यकारिणी में मंडल अध्यक्ष ने विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है। नई टीम में नगरीय क्षेत्र से वेदांश अमन हिंगड़ को तो ग्रामीण से प्रभुलाल मालवीय को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यकारिणी की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
भाजपा मध्य प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार तथा उज्जैन संभाग प्रभारी सुरेश आर्य, जिला संगठन प्रभारी विवेक जोशी और रतलाम जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की सहमति से आलोट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बड़ावदा मंडल की नई कार्यकारिणी मंडल अध्यक्ष लोकेश शर्मा द्वारा गठित की गई है।
इन्हें मिली संगठन में जिम्मेदारी..
मंडल अध्यक्ष शर्मा द्वारा घोषित कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर कारूलाल जाट (हाटपिपलिया), शांतिलाल जायसवाल (राजाखेड़ी), संजय चावड़ा (बड़ावदा), जितेंद्रदास बैरागी (रेवास), लोकपाल सिंह (केरवासा) और दिलीप राठौर (लुहारी) को नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार, महामंत्री पद की जिम्मेदारी वेदांश अमन हिंगड़ (बड़ावदा) और प्रभुलाल मालवीय (बटवाड़िया) को सौंपी गई है। मंत्री पद पर प्रहलाद पाटीदार (गुर्जरबढ़िया), पुष्पेंद्र सिंह डोडिया (अर्जला), रमेश चौधरी (बड़ावदी), शेरसिंह परिहार (खजुरिया), वीरेंद्र नायमा (उपलाई) और श्रीमती तारादेवी रामकरण मालवीय (बड़ावदा) को नियुक्त किया गया है।
संगठन के वित्तीय दायित्वों के निर्वहन के लिए जगदीश आंजना (मल्लाखेड़ी) को कोषाध्यक्ष तथा अनीता अतुल राठौड़ (बढ़िया गोयल) को सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है। कार्यालयीन व्यवस्थाओं के संचालन के लिए अनिल हाड़ा (राजाखेड़ी) को कार्यालय मंत्री तथा रायसिंह चंद्रवंशी (सेसलाखेड़ी) को सह-कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।
मीडिया प्रभारी के रूप में धीरज शर्मा (खोजनखेड़ा) तथा सह-मीडिया प्रभारी के रूप में अरुण कुमावत (बड़ावदा) को नियुक्त किया गया है। वहीं, जितेंद्र सिंह डोडिया (खोकरा) को हितग्राही प्रभारी, योगेंद्र सिंह सिसोदिया (डोडियाना) को सोशल मीडिया प्रभारी, उमराव सिंह गुर्जर (ठिकरिया) को व्हाट्सऐप प्रभारी, राज बैरागी (सरसी) को आईटी सेल प्रभारी तथा प्रिया कुंवर सिसोदिया (बोरदा) को ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रभारी बनाया गया है।
सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास : मंडल अध्यक्ष शर्मा
कार्यकारिणी की घोषणा के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही, संगठन में दायित्व सौंपे जाने पर मंडल अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।
मंडल अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि कार्यकारिणी के गठन में सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने संगठन में गुटबाजी की किसी भी संभावना से इनकार करते हुए कहा कि नई टीम सामूहिक रूप से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए कार्य करेगी। कार्यकारिणी सदस्य, विशेष अतिथि , आमंत्रित सदस्यों की भी जल्द घोषणा की जाएगी।
महामंत्री पर था पेच….
मंडल की कार्यकारिणी की घोषणा में लेटलतीफी का मुख्य कारण महामंत्री को लेकर था। नगरीय क्षेत्र से महामंत्री को लेकर विशेष पेच फसा हुआ था। बताया जा रहा है कि आपसी सामंजस्य से उलझन सुलझाली गई।
अमन सक्रिय बने हुए थे….
नवनियुक्त मंडल महामंत्री अमन हिंगड़ पार्टी में सक्रिय रूप से कार्य करते हुए अपनी राजनीतिक गतिविधियों को आगे बढ़ा रहे थें। सोशल मीडिया विधानसभा प्रभारी के रूप में पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। पूर्व जितेंद्र गेहलोत, जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय के करीबी अमन मंडल अध्यक्ष के साथ कदमताल करते हुए चल रहे थे। विरोधाभास के बाद भी अंततः अमन महामंत्री बनने में सफल हुए।महामंत्री पद के अन्य दावेदारों को निराशा हाथ लगी।