

रतलाम 27 अक्टूबर । प्रभारी कलेक्टर सुश्री वैशाली जैन के निर्देशन में खाद्य विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रीति मंडोरीया द्वारा सैलाना एवं बाजना क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए गए। सैलाना क्षेत्र अंतर्गत श्री बालाजी नमकीन से नमकीन का नमूना, बैरागी किराना सैलाना से चन्द्रकमल घी तथा नेमी ड्रायफ्रूट्स एंड स्पाइसेज सैलाना से किशमिश एवं रसगुल्ला के नमूने लिए गए।
बाजना में नेहा किराना से कोल्ड ड्रिंक एवं दाल के नमूने लिये गये। शुभम स्वयं सहायता समूह से खीर, आलू की सब्जी और गेहूं के आटा के नमूने लिये गये। पीरोदिया किराना से घी का नमूना लिया गया। योगेश किराना बाजना से पताशे का नमूना लिया गया।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल द्वारा बालाजी मावा भंडार सुजानपुर तहसील जावरा रतलाम का निरीक्षण किया गया। मौके पर श्री दिनेश पिता रामबरन यादव प्रोपराइटर उपस्थित मिले। मौके पर मिलावट की शंका के आधार पर मावा के दो नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत जांच हेतु लिए। मौके पर प्रोपराइटर को साफ सफाई के लिए निर्देशित किया गया एवं खाद्य रजिस्ट्रेशन डिस्प्ले करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण दौरान साफ सफाई को लेकर अनियमितता पाई जाने पर इसके लिए समय सीमा देते हुए सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया एवं निर्देशित किया गया कि समय सीमा पर सुधार ना किए जाने की स्थिति में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
लिए गए सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजे गए है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।