पिंकेश टांक ने 6 मतों से दर्ज की जीत

बड़ावदा (शिरीष सकलेचा)। शुक्रवार को श्री सूर्यवंशी कुमावत समाज बड़ावदा की पंचों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम समाज के पूर्व कार्यकाल का लेखा जोखा सचिव विमल कुमावत ने रखा। आय-व्यय का भी विवरण प्रस्तुत किया। समाज के पूर्व अध्यक्ष एवं स्व. लक्ष्मीनारायण पटेल के निधन के कारण अध्यक्ष पद रिक्त होने पर चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद अध्यक्ष पद के लिए सर्वानुमति से चुनाव कराने का निर्णय लिया गया।
चुनाव प्रक्रिया विधिवत रूप से सचिव विमल कुमावत एवं सहयोगी दीपक झाला द्वारा पर्चियों के माध्यम से संपन्न कराई गई। बैठक में समाज के कुल 34 सदस्य उपस्थित रहे।
अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवारों के नाम प्रस्तावित हुए। पिंकेश टांक का नाम सत्यनारायण झाला द्वारा प्रस्तावित किया गया, जिसका समर्थन कृष्णप्रसाद परिहार ने किया। वही जगदीश लाड़ का नाम राधेश्याम चौहान द्वारा प्रस्तावित किया गया। जिसका समर्थन जगदीश कुंडल ने किया।सभी उपस्थित पंचों ने पर्चियों के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना में पिंकेश टांक को 20 मत तथा जगदीशलाड़ को 14 मत प्राप्त हुए। टांक ने 6 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की।
अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति सर्वानुमति से
अध्यक्ष पद के चुनाव के पश्चात सर्वसम्मति से निम्न पदाधिकारीयों की नियुक्ति की गई। जिसमें उपाध्यक्ष जगदीश लाड़,सचिव विमल कुमावत, कोषाध्यक्ष रितेश लाड़, कार्यकारिणी में महेश कुंडल, मनीष लाड़, मुकेश चौहान शामिल किए गए। बैठक में उपस्थित पंचों एवं समाजजनों ने नवनिर्वाचित समस्त नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समाजजनों ने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी समाज की एकता, संगठन एवं सामाजिक विकास को नई दिशा प्रदान करेगी तथा सभी को साथ लेकर समाजहित में कार्य करेगी।