खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जावरा, ताल एवं रानीसिंग क्षेत्र में की नमूना कार्रवाई

घी, रसगुल्ला, दाल, चावल, मसाले, नमकीन, मावा एवं बेसन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए

रतलाम 31 अक्टूबर । खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जावरा, ताल एवं रानीसिंग क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत मानक स्तर की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल द्वारा जावरा की पुरानी धान मंडी स्थित अमित एजेंसी का निरीक्षण किया गया। यहां फर्म संचालक श्री भंवर मेहता से डेयरी बेस्ट घी एवं केपीआर रसगुल्ला के नमूने लिए गए। इसी प्रकार कोठी बाजार स्थित निहालचंद रामलाल फर्म से नमस्ते इंडिया देसी घी, पुरानी धान मंडी स्थित प्यारचंद सागरमल फर्म से तुअर दाल एवं चावल तथा कोठी बाजार स्थित अर्पित ट्रेडर्स से काली मिर्च एवं सौंफ के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश जमरा द्वारा ताल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए ग्राम मंडावल स्थित कृष्णा टी एंड रेस्टोरेंट से सेव एवं बेसन, संजय किराना से राजश्री नमकीन, पंथपिपलौदा स्थित पोरवाल किराना से साबूदाना तथा ताल स्थित सतगुरु नमकीन भंडार से मिक्चर एवं सेव के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती प्रीति मंडोरिया द्वारा रानीसिंग क्षेत्र में निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई की गई। रानीसिंग स्थित राधेश्याम मावा भट्टी से मावे के दो नमूने तथा छगनलाल मावा भट्टी से मावे का एक नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त मां शक्ति किराना एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर बेसन का नमूना जांच हेतु लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आगे भी निरीक्षण एवं नमूना कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *