
जावरा (अभय सुराणा) । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जावरा द्वारा आज केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का पुतला दहन किया गया। भाजपा द्वारा हरदीप पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
ब्लॉक अध्यक्ष सुशील कोचटा ने बताया कि भाजपा ऐसे व्यक्ति को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेज रही है, जिसका नाम हाल ही में विवादित प्रकरणों से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि नैतिक मूल्यों और सिद्धांतों की बात करने वाली भाजपा ऐसे दागी व्यक्ति को उम्मीदवार बनाकर जनता को क्या संदेश देना चाहती है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में एक दलित राज्यसभा सदस्य से इस्तीफा दिलवाकर यह सीट खाली करवाई गई और अब उस सीट पर बाहरी व्यक्ति को लादना भाजपा का दलित विरोधी चेहरा उजागर करता है। इससे भाजपा की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई देता है।
एपस्टीन फाइल्स में नाम आने पर विवाद गहराया
इस विरोध के पीछे हाल ही में सामने आया जेफरी एपस्टीन प्रकरण भी प्रमुख कारण रहा। गौरतलब है कि अमेरिकी न्याय विभाग (US Department of Justice) द्वारा जारी की गई एपस्टीन फाइल्स में हरदीप पुरी और कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन के बीच ईमेल और मुलाकातों का जिक्र सामने आया है। एक तस्वीर में हरदीप पुरी और एपस्टीन एक टेबल के आमने-सामने बैठे बातचीत करते दिख रहे हैं, जिसने राजनीतिक हलचल तेज कर दी थी। जब पुरी सेवानिवृत्त राजनयिक के तौर पर इंटरनेशनल पीस इंस्टीट्यूट (IPI) और इंडिपेंडेंट कमीशन ऑन मल्टीलेटरलिज्म से जुड़े थे। यह मुद्दा तब और बड़ा हो गया जब भाजपा ने इस विवाद के कुछ ही दिन बाद पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित कर दिया।
हालांकि केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सफाई देते हुए कहा था कि वे एपस्टीन से “तीन या अधिकतम चार बार” ही मिले हैं और वह भी एक डेलिगेशन के हिस्से के तौर पर पेशेवर क्षमता में, केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने से पहले। उन्होंने कहा कि उनके बॉस टेरजे रोड-लार्सन के माध्यम से यह मुलाकात हुई थी।
ब्लॉक कांग्रेस का कहना है कि एक तरफ भाजपा विश्वगुरु और नैतिकता की बात करती है, दूसरी तरफ ऐसे व्यक्ति को जिसका फोटो और ईमेल विवादित एपस्टीन फाइल्स में है, उसे मध्य प्रदेश जैसे राज्य से राज्यसभा भेजना प्रदेश की जनता का अपमान है।
पुतला दहन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद यूसुफ कडपा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. एच.एस. राठौर, शांतिलाल दसेड़ा, बाबूलाल निंबे, हीरालाल मेहता, नीति राज सिंह, वरुण श्रोत्रिय, हरिनारायण अरोड़ा, मसूद परदेसी, मोहनलाल सैनी, महिला कांग्रेस नगर अध्यक्ष श्रीमती अन्नपूर्णा पवार, महेश शर्मा, अंकित लालवानी, अशोक सिसोदिया, पवन चौरसिया, नगर पालिका चेयरमैन मोहम्मद मुस्तकीम मंसूरी, आसिफ कबाड़ी, लोकेश विजवा, कान्हा हाडा, दानिश सिद्दीकी, मनीष बैरागी, मुकेश हरा, जावेद पॉपुलर, कृष्णा अखेड़ीया, नईम भाटी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।