युवा उत्सव के द्वितीय दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने दिखाया प्रतिभा कौशल

रतलाम। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में आयोजित युवा उत्सव के द्वितीय दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाय. के. मिश्र ने की। आयोजन युवा उत्सव प्रभारी डॉ. एंजेला सिंगारे के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
द्वितीय दिवस पर शास्त्रीय एकल गायन, शास्त्रीय एकल वादन (नॉन परकशन), वाद-विवाद, भाषण एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शास्त्रीय एकल गायन प्रतियोगिता में नेहा डोडियार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शास्त्रीय एकल वादन (नॉन परकशन) में भूमि शर्मा प्रथम रहीं।
वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता मानव जीवन के लिए वरदान है’ रखा गया। हिंदी भाषा में विषय के पक्ष में कशिश उपाध्याय ने प्रथम तथा विपक्ष में पर्ल पांडे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी भाषा में पक्ष में फाल्गुनी दुबे तथा विपक्ष में दक्षिता पवार प्रथम स्थान पर रहीं।
भाषण प्रतियोगिता का विषय ‘आत्मनिर्भर भारत : संकल्प से सिद्धिzतक’ था। इसमें हिंदी भाषा वर्ग में संगीता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंग्रेजी भाषा वर्ग में फाल्गुनी दुबे प्रथम रहीं। मेहंदी प्रतियोगिता में दीपिका गरवाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।
महाविद्यालय स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आगामी जिला स्तरीय युवा उत्सव में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर अंकिता ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रोफेसर हेमलता राठौर ने किया। आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *