शक्ति संचय बैठक में जल संरक्षण एवं ग्राम विकास पर दिया प्रशिक्षण

शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सामाजिक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका – धर्मेंद्र सिंह देवड़ा

रतलाम 4 नवंबर। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड रतलाम द्वारा ग्राम करमदी स्थित जैन तीर्थ परिसर में विकासखंड स्तरीय शक्ति संचय बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह देवड़ा ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशेष अतिथि श्री नाथूलाल गामड़ ने परिषद को समाज और शासन के बीच सेतु बताया। जिला समन्वयक श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य एवं कार्ययोजना के अनुरूप गतिविधियां संचालित करने का आह्वान किया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार श्री आनंद व्यास ने सूखा प्रभावित रतलाम जिले में जल संरक्षण के उपायों की जानकारी देते हुए कम सिंचाई वाली फसलों को अपनाने, जल अपव्यय रोकने, सोख्ता गड्ढों के निर्माण, पानी के पुनः उपयोग तथा पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण पर जोर दिया। मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी श्री सौरभ श्रीवास्तव ने युवा संसद एवं भारत सरकार तथा राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र में श्रीमती मेघा क्षोत्रिय, श्री जितेंद्र पाटीदार एवं श्री नरेंद्र श्रेष्ठ ने ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के क्षमतावर्धन एवं सामाजिक सहभागिता पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री शैलेंद्र सिंह सोलंकी, श्री रामलाल सोलंकी सहित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, परामर्शदाता एवं प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव और सदस्य उपस्थित रहे। संचालन श्री ओमप्रकाश पाटीदार ने किया तथा आभार श्रीमती पूनम डलवानी ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *