सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, जीवदया एवं युवा सहभागिता बढ़ाने का संकल्प, दानदाताओं को मिलेगा भामाशाह सम्मान



रतलाम। रतलाम विजयवर्गीय वैश्य समाज वेलफेयर सोसाइटी द्वारा दीपावली मिलन समारोह एवं सहभोज का आयोजन मंगलवार को सागोद रोड स्थित धाकड़ धर्मशाला रतलाम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, महिला मंडल एवं समाजजनों ने सपरिवार सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ रामचरण जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं सामूहिक आरती के साथ हुआ। समाज अध्यक्ष श्री रत्नेश विजयवर्गीय ने कहा कि दीपावली मिलन समारोह अपनों से मिलने, स्नेह बांटने और सामाजिक रिश्तों में अपनत्व बढ़ाने का अवसर है। पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना हम सभी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि रतलाम जिले को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के दृष्टिगत जल संरक्षण के लिए समाजजन हरसंभव प्रयास करेंगे। वर्षा जल संचयन, पानी का सदुपयोग, पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं जीवदया के कार्यों को सामाजिक गतिविधियों में प्राथमिकता दी जाएगी। समाज में सामाजिक समरसता बढ़ाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। समाजहित में आर्थिक सहयोग देने वाले दानदाताओं को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। साथ ही बाहर अध्ययनरत एवं विभिन्न शहरों में नौकरी-व्यवसाय कर रहे युवाओं को संगठन से जोड़कर उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। परिवार के वरिष्ठजनों से बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, पारिवारिक परंपराओं एवं सेवा भावना की सीख देने का भी आग्रह किया।
समाज अध्यक्ष श्री विजयवर्गीय ने सभी उपस्थित समाजजनों का स्नेह, सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के प्रायोजक श्री राजेन्द्र विजयवर्गीय एवं श्री राकेश विजयवर्गीय परिवार, लक्कड़ पीठा का विशेष आभार माना गया।
इस अवसर पर महिला मंडल रतलाम की अध्यक्ष श्रीमती श्रद्धा विजयवर्गीय, विजयवर्गीय राष्ट्रीय समाज कल्याण कैबिनेट सदस्य श्रीमती सुरेखा विजयवर्गीय, महिला मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना विजयवर्गीय, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री तनुज विजयवर्गीय, राष्ट्रीय समिति सदस्य श्री रामजस विजयवर्गीय, समाज के उपाध्यक्ष श्री कमल राजौरिया एवं श्री रामरतन विजयवर्गीय, श्री सुधीर विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष श्री शशांक विजयवर्गीय तथा सचिव श्री प्रतीक विजयवर्गीय सहित श्री अशोक विजयवर्गीय, श्री रमेश विजयवर्गीय, श्री रामनिवास विजयवर्गीय, श्री श्याम विजयवर्गीय, श्री ओमप्रकाश विजयवर्गीय, श्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री संदीप, श्री सुभाष, श्री ललित, श्री गणेश गांधी, श्री पंकज, श्री राजेश, श्री नवीन, श्री महेश एवं श्री लोकेश सहित बड़ी संख्या में विजयवर्गीय समाज के समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक सहभोज एवं आत्मीय मिलन के साथ हुआ। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता एवं संगठन की मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।