प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त सतर्कता, नियमित उद्घोषणा एवं कतारबद्ध तरीके से सामान्य कोचों में यात्रियों को कराया जा रहा प्रवेश
रतलाम/इंदौर, 11 नवंबर। छठ पूजा के अवसर पर अपने गृह नगर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। मंडल के इंदौर, उज्जैन, रतलाम, नागदा सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों से बड़ी संख्या में यात्री बिहार एवं उत्तर प्रदेश की ओर यात्रा कर रहे हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा स्टेशन परिसर एवं प्लेटफार्म पर भीड़ प्रबंधन सुचारू रूप से किया जा सके, इसके लिए रेल प्रशासन द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा रेल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों के रेलकर्मी, टिकट चेकिंग स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल एवं अन्य कर्मचारी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रहे।
इंदौर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए कोच डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से ट्रेनों में कोचों की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही नियमित उद्घोषणाओं के माध्यम से ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान, सामान्य कोचों की स्थिति एवं अन्य आवश्यक जानकारियां दी जा रही हैं। बिहार एवं उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों में सामान्य श्रेणी के कोचों में यात्रा करने वाले यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से प्रवेश कराया जा रहा है, जिससे यात्रियों को व्यवस्थित रूप से ट्रेन में चढ़ने में सुविधा मिल रही है तथा प्लेटफार्म पर अनावश्यक भीड़ एवं अफरा-तफरी की स्थिति से बचा जा रहा है।
इंदौर–पटना एक्सप्रेस, डॉ. अम्बेडकर नगर–पटना स्पेशल एक्सप्रेस, इंदौर–हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस, इंदौर–सूबेदारगंज एक्सप्रेस एवं इंदौर–वाराणसी महाकाल एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए टिकट चेकिंग स्टाफ, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवानों द्वारा प्लेटफार्म पर नियमित गश्त एवं निगरानी की जा रही है। इनका उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में प्रवेश दिलाना तथा यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी को रोकना है।
इसी प्रकार उज्जैन एवं रतलाम रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों की अधिक आवाजाही वाली ट्रेनों के आगमन के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के जवान विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। प्लेटफार्म पर भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार यात्रियों को मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की जा रही है।
छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों जैसे बांद्रा टर्मिनस, अहमदाबाद, सूरत, उधना, उतरण एवं वडोदरा से गोरखपुर, पटना, दानापुर, राजगीर, झंझारपुर एवं जयनगर सहित विभिन्न गंतव्यों के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है। ये ट्रेनें रतलाम मंडल के महत्वरपूर्ण स्टे शनों पर ठहराव के साथ गुजर रही है। इनमें कई अनारक्षित विशेष ट्रेनें भी शामिल हैं, जिससे सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध हो रहे हैं।