14 नवंबर को होगी काउंसलिंग, प्रातः 9 से दोपहर 12 बजे तक होगा पंजीयन
रतलाम 11 नवंबर । डॉ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम में संचालित एलाइड हेल्थ साइंसेज (Allied Health Sciences) पाठ्यक्रमों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु प्रवेश के लिए काउंसलिंग का आयोजन 14 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
महाविद्यालय में बैचलर इन मेडिकल लेबोरेटरी साइंस (BMLS) की 20 सीटों तथा डिप्लोमा इन मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी (DMLT) की 20 सीटों सहित कुल 40 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। BMLS पाठ्यक्रम की अवधि चार वर्ष तथा DMLT पाठ्यक्रम की कुल अवधि दो वर्ष होगी, जिसमें छह माह का क्लिनिकल प्रशिक्षण सम्मिलित रहेगा।
इस वर्ष की विशेष बात यह है कि उक्त दोनों पाठ्यक्रमों में नेशनल कमीशन फॉर एलाइड एंड हेल्थकेयर प्रोफेशन्स (NCAHP) द्वारा निर्धारित नवीन पाठ्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू किया जाएगा।
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को 14 नवंबर 2026 को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक महाविद्यालय में उपस्थित होकर पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के पश्चात काउंसलिंग एवं सीट आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
प्रवेश हेतु अभ्यर्थी का वर्ष 2026 अथवा उससे पूर्व भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान विषयों के साथ कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। पाठ्यक्रमवार अन्य पात्रता एवं प्रवेश संबंधी शर्तें लागू होंगी।
पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं काउंसलिंग संबंधी विस्तृत जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट gmcratlam.org पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।