राष्ट्रीय बाल नवाचार प्रदर्शनी में जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालयों से चयनित प्रदेश का एकमात्र विद्यार्थी

रतलाम 13 नवंबर । पुद्दुचेरी के राष्ट्रीय मंच पर रतलाम के जनजातीय क्षेत्र सैलाना के शासकीय माध्यमिक विद्यालय घोड़पल्ला का ‘बाल अन्वेषक’ करण भूरिया मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा। जनजातीय कार्य विभाग के विद्यालयों से चयनित प्रदेश का यह एकमात्र विद्यार्थी है।
एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ जिला रतलाम संकुल एवं जन शिक्षा केंद्र के अंतर्गत संचालित एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय, घोड़ापल्ला (तहसील सैलाना) के कक्षा सातवीं के होनहार छात्र करण भूरिया पिता श्री लक्ष्मण एवं माता श्रीमती सुनीता निवासी ग्राम पूनापड़ाव ने अपनी असाधारण मेधा से समूचे अंचल और प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
करण भूरिया का चयन राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT) द्वारा आयोजित 53वीं राष्ट्रीय बाल नवाचार प्रदर्शनी (RBVP)-2026 के लिए हुआ है। करण जनजातीय कार्य विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित विद्यालयों से इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्पर्धा में चयनित होने वाले प्रदेश के एकमात्र विद्यार्थी हैं।
आगामी 14 से 19 दिसंबर 2026 तक ओल्ड पोर्ट ग्राउंड, गोबर्ट एवेन्यू (बीच रोड), पुद्दुचेरी में आयोजित होने वाली इस भव्य राष्ट्रीय प्रदर्शनी में करण भूरिया मध्यप्रदेश के अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग तथा शिक्षा विभाग (राज्य शिक्षा केंद्र) का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस राष्ट्रीय मंच पर देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों से चयनित कुल 202 बाल अन्वेषक अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिनके बीच एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ जिला रतलाम संकुल का यह नन्हा सितारा प्रदेश का परचम लहराएगा।
गणित जादुई बोर्ड बनाया
करण ने अपनी मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती स्वाति सक्सेना के कुशल निर्देशन में “गणित जादुई बोर्ड” नामक एक अत्यंत रोचक, व्यावहारिक और नवाचारी मॉडल तैयार किया है। यह जादुई बोर्ड विद्यार्थियों के मन से गणित का भय समाप्त कर कठिन सूत्रों, पहाड़ों और गणितीय अवधारणाओं को खेल-खेल में अत्यंत सरल व प्रत्यक्ष तरीके से समझाने में सक्षम है, जिसकी मौलिकता और उपयोगिता ने राज्य स्तर पर निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया है।
करण ने दिसंबर 2025 में अपनी इस विजय यात्रा की शुरुआत करते हुए विद्यालय स्तर, जनशिक्षा केंद्र स्तर, ब्लॉक स्तर, जिला स्तर तथा संभाग स्तर पर लगातार प्रथम स्थान प्राप्त किया और तत्पश्चात 19 से 21 अगस्त 2026 तक नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्पर्धा में अपना स्थान पक्का किया।
एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवगढ़ जिला रतलाम संकुल एवं जन शिक्षा केंद्र की इस गौरवशाली सफलता पर संकुल के प्राचार्य श्री जितेंद्र कुमार गुप्ता ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए छात्र करण भूरिया और मार्गदर्शक शिक्षिका श्रीमती स्वाती सक्सेना को हार्दिक बधाई दी है।