

सागोद / रतलाम 14 नवम्बर। शासकीय माध्यमिक विद्यालय सागोद में बाल दिवस के पावन अवसर पर आज दिनांक 14 नवंबर 2026 को बाल मेले का भव्य एवं रंगारंग शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डाइट प्राचार्य रतलाम श्री लक्ष्मण सिंह मईडा जी रहे। उन्होंने फीता काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। तत्पश्चात विद्यालय का शैक्षणिक निरीक्षण कर बच्चों के विज्ञान मॉडल, कला-प्रदर्शनी एवं अन्य स्टॉलों का अवलोकन किया और बच्चों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे मेले बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
इस गरिमामय अवसर पर हाई स्कूल कुआंझागर जनशिक्षा केंद्र के जनशिक्षक श्री सुनील कुमार गोंड जी ने अपने उद्बोधन में कहा – “बाल मेला केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि बच्चों के आत्मविश्वास, नवाचार और जीवन कौशल को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। पीएम श्री विद्यालय इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। सभी बच्चों के प्रयास सराहनीय हैं।”
शाला की प्रधानाध्यापिका श्रीमती चंदा मईडा जी ने अपने उद्बोधन में कहा – “आज बाल दिवस पर बच्चों ने जो उत्साह और रचनात्मकता दिखाई है, वह अभिभूत करने वाली है। शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग से यह मेला सफल हो पाया है। बच्चों में सीखने की ललक को ऐसे ही मंच मिलते रहेंगे।”
बाल मेले में बच्चों ने विज्ञान मॉडल, कला-कृतियां, खान-पान एवं खेलों के आकर्षक स्टॉल लगाए जो सभी के आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री राजेंद्र प्रसाद ओझा जी ने किया एवं आभार प्रदर्शन श्री जगदीश चंद्र पिपरीवाल जी ने किया।
कार्यक्रम में शिक्षिका श्रीमती मनीषा खराड़ी, श्रीमती मधुबाला शुक्ला, श्रीमती हेमलता शर्मा, श्रीमती थावरी कटारा, श्रीमती प्रीति शक्तावत सहित समस्त शिक्षकगण, पालकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
ग्रामीणजनों में सुनीता प्रजापत, विनोद भाभर, दिनेश गुर्जर, विनोद प्रजापत, रेखा पारगी, मुकेश निनामा आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।