अंतर महाविद्यालयीन जिला युवा उत्सव में सरस्वती संगीत महाविद्यालय का उत्कृष्ट प्रदर्शन

रतलाम। उज्जैन स्थित शासकीय माधव संगीत महाविद्यालय में आयोजित अंतर महाविद्यालयीन जिला युवा उत्सव 2026-27 में सरस्वती संगीत महाविद्यालय, काटजू नगर, रतलाम के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में आयुष बारोठ ने शास्त्रीय तबला वादन में प्रथम स्थान, शुभम शर्मा ने शास्त्रीय गायन में द्वितीय स्थान तथा दिव्य हंसवार ने शास्त्रीय सितार वादन में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वैभव बारोठ ने हारमोनियम पर संगतकार के रूप में सहभागिता की।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर सरस्वती शिशु शिक्षा समिति के सचिव श्री शैलेन्द्र सुरेका ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि तबले की थाप पर दिखाई देने वाली लय केवल ताल नहीं, बल्कि हमारे महाविद्यालय की धड़कन है और सितार के तारों से निकलने वाला राग केवल स्वर नहीं, बल्कि गुरुजनों के आशीर्वाद की गूंज है। उन्होंने कहा कि हमारा संगीत महाविद्यालय केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं, बल्कि एक संस्कारशाला है, जहां सुरों के साथ संस्कार भी सिखाए जाते हैं। यहां प्रत्येक विद्यार्थी केवल कलाकार ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति का वाहक बनता है।
इस अवसर पर समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती दीपाली भाटी , वरिष्ठ सदस्य श्री गुमानमल नाहर, श्री जवाहर चौधरी एवं महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती तोषी शर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि 17 एवं 18 नवंबर 2026 को राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर में आयोजित यूथ फेस्टिवल में महाविद्यालय के विद्यार्थी आयुष बारोठ प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे। महाविद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *