गोकुल में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का उल्लास, बालकृष्ण के दर्शन को स्वयं महादेव पहुँचे नंदभवन

श्री कृष्ण जन्मोत्सव को हर्षोउल्लास से मनाते हुए

रतलाम । आचार्य रामानुज जी बोले—भगवान वैभव से नहीं, निष्कपट प्रेम और समर्पण से प्रसन्न होते हैं; जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची भक्ति है। उमेश गुप्ता एवं परिजन द्वारा भक्तिभाव से स्थानीय श्री जी पैलेस में श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा हैं आज आचार्य श्री रामानुज जी ने कहा -श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पश्चात गोकुल में आनंद और उत्साह का वातावरण छा गया। श्रीमद्भागवत कथा में आचार्य श्री रामानुज जी ने भगवान शिव के बालकृष्ण दर्शन का भावपूर्ण प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण के प्राकट्य का समाचार सुनकर स्वयं महादेव साधु वेश में नंदभवन पहुँचे और बालकृष्ण के दर्शन कर भावविभोर हो उठे।
इस प्रसंग की व्याख्या करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि भगवान पद, प्रतिष्ठा और वैभव से नहीं, बल्कि निष्कपट प्रेम, श्रद्धा और समर्पण से प्रसन्न होते हैं। प्रभु की प्राप्ति का सबसे सरल मार्ग निर्मल हृदय और सच्ची भक्ति है।
नंदबाबा द्वारा जन्मोत्सव पर किए गए दान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दान का महत्व उसकी राशि में नहीं, बल्कि भावना में होता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए। भूखे को भोजन, प्यासे को पानी और असहाय को सहयोग देना ही सच्ची सेवा एवं भक्ति है। दान सदैव सुपात्र को देना चाहिए।
आचार्य श्री ने कहा कि भक्ति केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं, बल्कि हमारे आचरण में प्रेम, करुणा, विनम्रता और सेवा के रूप में प्रकट होनी चाहिए। जीवन में प्रसन्नता और मुस्कुराहट बनाए रखते हुए दूसरों के सुख-दुःख में सहभागी बनना ही भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से मिलने वाली सच्ची प्रेरणा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *