साहित्यकारों एवं सुर साधकों का हुआ सम्मान



रतलाम। स्नेह, सद्भाव, साहित्य, संस्कृति और संगीत के सुरों से सजे आत्मीय दीपावली मिलन समारोह ‘कला, साहित्य, संगीत समागम’ का आयोजन गत दिवस राजा भोज जनकल्याण सेवा समिति द्वारा स्थानीय गुलाब चक्कर परिसर में गरिमामय एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में शहर की साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं संगीत जगत की प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। गीत, ग़ज़ल, कविता, शायरी और वाद्य संगीत की मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थित सुधिजनों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम संयोजक मंजीतसिंह देवड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि महापौर प्रहलाद पटेल, विशेष अतिथि समाजसेवी सुभाष जैन, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्रसिंह बागेड़ी, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीलेश गांधी थे। अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मुरलीधर चांदनीवाला ने की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह पॅंवार ने आयोजन की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपोत्सव के पावन अवसर पर कला, साहित्य एवं संगीत से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों, सदस्यों और साधकों को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य आपसी सौहार्द, आत्मीयता, सहयोग और सांस्कृतिक समन्वय को प्रोत्साहित करना है।
मुख्य अतिथि महापौर प्रहलाद पटेल ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए समिति के इस अभिनव आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़े ऐसे आयोजन सामाजिक जीवन में सकारात्मकता और रचनात्मक चेतना का संचार करते हैं। विशेष अतिथि श्री सुभाष जैन ने कहा कि किसी भी शहर में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के विकास में साहित्यकारों एवं कलाविदों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला, प्रतिभा और अभिव्यक्ति प्रस्तुत करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. मुरलीधर चांदनीवाला ने संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह पॅंवार द्वारा रचित पुस्तक ‘परमार (पॅंवार) राजवंश रत्नमाला’ एवं शोधग्रंथ ‘वृहत्तर भारत में विक्रमादित्य के साहित्यिक साक्ष्य’ पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने इन कृतियों की शोधपरक उपयोगिता एवं ऐतिहासिक – साहित्यिक उपादेयता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि राजा भोज जनकल्याण सेवा समिति द्वारा शहर के साहित्यकारों एवं कलाकारों को उपलब्ध करा रहा यह मंच रतलाम की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को सुदृढ़ करने की दिशा में सराहनीय पहल है।
समारोह संयोजक मंजीतसिंह देवड़ा ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए वृक्षारोपण एवं प्रकृति के प्रति सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया।
इनका हुआ सम्मान
इस अवसर पर समाजसेवी श्री सुशील छाजेड़ को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके सेवाभावी योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। हाल ही में राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने वाले लेखक नरेन्द्र सिंह पंवार का विभिन्न संगठनों ने सम्मान किया। गत वर्ष जिनकी पुस्तकें प्रकाशित हुई , उन साहित्यकारों को ‘सरस्वती कंठाभरण साहित्य-साधना- अलंकरण–2026’ से अलंकृत कर स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
सम्मानित साहित्यकारों में डॉ. मुरलीधर चांदनीवाला, आशीष दशोत्तर, संजय परसाई ‘सरल’, जुझार सिंह भाटी, रणजीत सिंह राठौड़, सुरेश माथुर, वैदेही कोठारी,कारूलाल जमड़ा, डॉ. प्रदीपसिंह राव, अशोक अग्रवाल, डॉ. श्रीमती गीता दुबे, श्रीमती पुष्पलता शर्मा एवं बाबूलाल परमार शामिल रहे।
इन्होंने दी मधुर प्रस्तुति*
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शुभारंभ ब्रजेश गौड़ द्वारा सुमधुर स्वर में प्रस्तुत स्वरचित सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात विनोद झालानी ने अपनी प्रभावशाली शेरो-शायरी से श्रोताओं को आनंदित किया। सुप्रसिद्ध कवि ब्रजराज ब्रज ने राष्ट्रभक्ति और गीतकार दिनेश बारोठ ने मधुर गीत प्रस्तुत किया। श्रीमती उदयकुंवर पॅंवार ने अपने काव्यपाठ से साहित्यिक वातावरण को भावपूर्ण बनाया।
गीत-संगीत की प्रस्तुतियों में लेखिकासिंह राठौर, अनिता सिंह, श्री मनोज जोशी एवं नन्हीं बालिका आद्या तिवारी ने मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर खूब सराहना प्राप्त की। समारोह का विशेष आकर्षण सोनाक्षी चावड़ा का सुमधुर गायन और उनके पिता राजेश चावड़ा का बांसुरी वादन रहा। दोनों की मनमोहक जुगलबंदी ने संगीत की मधुर स्वर लहरियों से पूरे वातावरण को सुरमय बना दिया और उपस्थित श्रोताओं की भरपूर प्रशंसा अर्जित की।
इन सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं की रही सहभागिता*
समारोह में सहयोगी संस्थाओं एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
इनमें ‘हम लोग’ से ओमप्रकाश ओझा ,श्री सज्जन क्षत्रिय समाज परिषद (राजपूत बोर्डिंग हाउस) से गुरु गोविंदसिंह राठौर, युगबोध से ओमप्रकाश मिश्र , वनमाली सृजन केंद्र से आई.एल. पुरोहित , अनुनाद सांस्कृतिक सेवा एवं जनकल्याण समिति से अजीत जैन, स्वर श्रृंगार ग्रुप से श्री संजय परसाई, ‘ सुनें सुनाएं ‘ से महावीर वर्मा, डॉ. जयकुमार ‘जलज’ स्मृति संस्था से श्रीमती श्रद्धा जलज घाटे , महाराजा श्री रतनसिंह बलिदान दिवस समारोह समिति से शैलेन्द्रसिंह अठाना एवं गजेन्द्रसिंह चौहान, पतंजलि युवा योगपीठ से विशाल वर्मा, महक संस्था से मोड़ीराम सोलंकी, अखिल भारतीय साहित्य परिषद् से कैलाश वशिष्ठ सहित अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त डॉ. प्रवीणा दवेसर, बहादुरसिंह सोनगरा, संग्रामसिंह राठौर, प्राचार्य श्रीमती नीरु वर्मा, श्वेता नागर, राजीव पंडित, मुकेश व्यास, दीपक आठे, तनवीरसिंह राठौर , गीता राठौर सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, साहित्यकार, कलाकार एवं संगीतप्रेमी उपस्थित रहे। समारोह का सफल संचालन वरिष्ठ साहित्यकार आशीष दशोत्तर ने अपने चिरपरिचित अंदाज में किया।
समारोह के अंत में सहसंयोजक अभिभाषक श्री राजेश शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, साहित्यकारों, कलाकारों, सहयोगी संस्थाओं, कार्यकर्ताओं तथा उपस्थित समस्त सुधिजनों के प्रति आत्मीय आभार व्यक्त किया।