अविद्या, वासना और अहंकार का त्याग ही श्रीकृष्ण प्राप्ति का मार्ग : आचार्य श्री रामानुज जी

वैभव के साथ भगवान का सान्निध्य भी जरूरी, निष्कपट प्रेम, सद्गुरु की कृपा और सत्कर्म ही सच्ची साधना

रतलाम।* धन, वैभव और सुख-सुविधाओं के साथ भगवान श्रीकृष्ण का सान्निध्य भी जीवन में आवश्यक है। अविद्या, वासना और अहंकार भगवान प्राप्ति के मार्ग की प्रमुख बाधाएं हैं। इनका त्याग कर भक्ति, सेवा और सत्कर्मों में प्रवृत्त होना ही सच्ची साधना है। यह संदेश परम पूज्य आचार्य श्री रामानुज जी ने श्रीजी पैलेस, रतलाम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में दिया।
कथा का शुभारंभ विधिवत पोथी पूजन के साथ हुआ। सर्वश्री उमेशचंद्र गुप्ता, कमलकुमार गुप्ता, प्रहलाद अग्रवाल, ऋषि अग्रवाल, अभिनव गुप्ता, आदित्य गुप्ता, मांगीलाल अग्रवाल, सुयोग अग्रवाल एवं चेतन अग्रवाल ने श्रद्धाभाव से पोथी पूजन किया।
आचार्य श्री ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि पूतना उद्धार अज्ञान के विनाश और तृणावर्त लीला अहंकार के अंत का संदेश देती है। इंद्रियों को समाप्त करना नहीं, बल्कि उनकी दिशा भगवान की ओर मोड़ना ही साधना है। सद्गुरु की कृपा मनुष्य को अज्ञान से मुक्त कर परमात्मा से जोड़ती है।
उन्होंने बच्चों को प्रेम एवं संस्कार देने, प्रकृति और गौवंश का संरक्षण करने तथा धर्मपूर्वक अर्जित धन का उपयोग सेवा, दान और मानव कल्याण में करने की प्रेरणा दी। आचार्य श्री ने कहा कि भगवान निष्कपट प्रेम, श्रद्धा और समर्पण से प्रसन्न होते हैं।
उन्होंने कहा कि संसार का त्याग नहीं, बल्कि संसार में रहते हुए अपने विचारों और कर्मों को भगवान की ओर मोड़ना आवश्यक है। वैभव में विनम्रता, व्यवहार में प्रेम, कर्मों में सेवा और हृदय में श्रीकृष्ण का वास ही सार्थक जीवन की पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *