पोते के जन्मदिन पर दादा-दादी ने किया देहदान का संकल्प, दिया सेवा और संस्कार का संदेश

44 वर्ष विद्युत मंडल में सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त महेंद्र कुमार राठौड़ ने पत्नी के साथ भरा देहदान संकल्प पत्र

रतलाम। परिवार में पोते का जन्मदिन खुशियां मनाने का अवसर था, लेकिन इस विशेष दिन को दादा-दादी ने समाजसेवा के एक अनुकरणीय संकल्प के साथ यादगार बना दिया। पोते परम रविंद्र राठौड़ के जन्मदिन पर दादा महेंद्र कुमार राठौड़ एवं दादी श्रीमती राजू बाला राठौड़ ने देहदान का संकल्प पत्र भरकर समाज को सेवा, समर्पण और संस्कारों का प्रेरक संदेश दिया।
देहदान का संकल्प लेने की इच्छा लंबे समय से थी। इसी क्रम में पश्चिम क्षेत्र मध्य प्रदेश विद्युत मंडल में 44 वर्षों तक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए महेंद्र कुमार राठौड़ ने काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सदस्य सुनील लाठी के माध्यम से संस्था के सचिव गोविंद काकानी से संपर्क कर घर आकर संकल्प पत्र भरवाने का आग्रह किया।
इस पर सुनील लाठी एवं गोविंद काकानी तत्काल देहदान संकल्प पत्र लेकर शिवधाम परिसर, रत्नेश्वर रोड स्थित उनके निवास पर पहुंचे। परिवार की सहमति एवं प्रसन्नतापूर्वक स्वीकृति मिलने पर दादा महेंद्र कुमार राठौड़ एवं दादी राजू बाला राठौड़ ने देहदान संकल्प पत्र भरा। इस अवसर पर उनके सुपुत्र रविंद्र, बहू आंचल, सुपुत्री पूजा राठौड़, नातिन गीतिका एवं चेष्टा तथा पोते परम की उपस्थिति रही।
संकल्प पत्र भरने के बाद महेंद्र कुमार एवं राजू बाला राठौड़ भावुक हो गए। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि देहदान करने की इच्छा आज पूरी हुई है। पोते के जन्मदिन जैसे शुभ अवसर पर यह पुनीत कार्य कर पाना उनके लिए अत्यंत संतोष और खुशी का विषय है।
देहदान संकल्प पत्र मेडिकल कॉलेज में जमा होने पर डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडे मेडिकल कॉलेज के मानव संरचना विभागाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सिंगरौले एवं डीन डॉ. अनीता मुथा द्वारा इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए दंपति का उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें परिचय पत्र प्रदान किए गए।
काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव गोविंद काकानी ने बताया कि देहदान से प्राप्त शरीर मेडिकल विद्यार्थियों के अध्ययन एवं चिकित्सा शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देता है। यह संकल्प मृत्यु के बाद भी मानव सेवा से जुड़े रहने का अनुपम उदाहरण है।
पोते परम के जन्मदिन पर दादा-दादी द्वारा लिए गए इस प्रेरणादायी निर्णय से परिवार के अन्य सदस्यों ने भी सीख लेते हुए भविष्य में सामाजिक सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। इस प्रकार जन्मदिन का उत्सव केवल खुशियां मनाने तक सीमित न रहकर सेवा, संस्कार और मानवता का संदेश देने वाला यादगार अवसर बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *