धार जिले से रतलाम में हो रही अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल सख्त कार्रवाई करें : कलेक्टर श्री कटेसरिया

  • स्वामित्व सर्वे की त्रुटियों का ग्राम पंचायत एवं पटवारी मिलकर करें चिन्हांकन, 1 दिसंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करें
  • मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में कलेक्टर एवं जिला अधिकारियों ने मौके पर सुनी आमजन की समस्याएं
  • जिले में तैयार हो रहा रिकॉर्ड रूम, अब राजस्व अभिलेखों का होगा व्यवस्थित संधारण

रतलाम 20 नवंबर । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत सामुदायिक भवन बिलपांक में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, विधायक श्री मथुरालाल डामोर, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं जिला अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं मौके पर सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अवैध शराब की बिक्री पर आबकारी विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश
शिविर के दौरान कलेक्टर ने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिए कि धार जिले की सीमा से रतलाम जिले में अवैध शराब की आपूर्ति एवं बिक्री की शिकायतों पर तत्काल सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के माध्यम से जिले में अवैध शराब पहुंच रही है। प्रीतमनगर में भी अवैध शराब बिक्री की शिकायतें सामने आई हैं। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए आबकारी विभाग को कड़ी चेतावनी दी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वामित्व सर्वे की त्रुटियों का 1 दिसंबर तक प्रस्तुत करें प्रतिवेदन
कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के सर्वे रिकॉर्ड में पाई जा रही त्रुटियों के संबंध में निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत एवं पटवारी संयुक्त रूप से सर्वे अभिलेखों का परीक्षण कर त्रुटियों को चिन्हित करें। संबंधित त्रुटियों का निराकरण एसडीएम द्वारा किया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में 1 दिसंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

मतदाता सूची एवं नवीन मतदाता कार्ड के संबंध में बीएलओ को नोटिस
मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में नहीं जोड़े जाने तथा नवीन मतदाता पहचान पत्र नहीं बनाए जाने के मामलों में संबंधित बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

उद्यमी संवाद में युवा उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव
शिविर में युवा उद्यमियों के साथ उद्यमी संवाद भी आयोजित किया गया। इसमें श्रेयांश मालवीय, जयप्रकाश धाकड़, विजय पाटीदार, नंदकिशोर, सुभाष जाट, जीवन किशोर पाटीदार एवं महेश पाटीदार ने अपने अनुभव साझा किए। युवा उद्यमियों ने बताया कि उन्होंने उद्योग विभाग एवं उद्यानिकी विभाग के सहयोग से आधुनिक खेती एवं उद्यानिकी फसलों के उत्पादन को अपनाया है। वे बड़े पैमाने पर उद्यानिकी फसलों का उत्पादन कर अन्य राज्यों में भी आपूर्ति कर रहे हैं, जिससे उन्हें अच्छी आय प्राप्त हो रही है। उन्होंने अन्य युवाओं से भी आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे आने की अपील की।

जिले में बन रहा रिकॉर्ड रूम, अभिलेखों का होगा व्यवस्थित संधारण
जिले में राजस्व अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण के लिए रिकॉर्ड रूम तैयार किया जा रहा है। इससे अभिलेखों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रखने के साथ आवश्यकता पड़ने पर उन्हें आसानी से उपलब्ध कराया जा सकेगा। शिविर में विधायक श्री मथुरालाल डामोर, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती साधना जायसवाल, एसडीएम, तहसीलदार एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *