प्राचीन बावड़ियों के संरक्षण के लिए जिले में चलेगा विशेष अभियान, सभी बावड़ियां चिन्हित की जाएंगी : कलेक्टर श्री कटेसरिया

  • आयुष्मान आरोग्य मंदिर में एक अतिरिक्त डॉक्टर की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार कर भोपाल भेजें
  • आंगनबाड़ी में बच्चों के बीच बैठकर कलेक्टर ने जाना भोजन की गुणवत्ता
  • कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आंगनबाड़ी केंद्र, विरूपाक्ष मंदिर एवं प्राचीन बावड़ियों का किया निरीक्षण

रतलाम 20 नवंबर । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ग्राम बिलपांक का भ्रमण कर आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आंगनबाड़ी केंद्र, ऐतिहासिक विरूपाक्ष मंदिर एवं प्राचीन बावड़ियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्राचीन बावड़ियों के संरक्षण के लिए चलेगा विशेष अभियान
कलेक्टर ने बिलपांक स्थित प्राचीन बावड़ियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बावड़ियों की ऐतिहासिक प्राचीनता को देखते हुए उनके संरक्षण एवं साफ-सफाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्थित प्राचीन बावड़ियों को संरक्षित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले की प्राचीन बावड़ियों को चिन्हित कर उनके संरक्षण की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

विरूपाक्ष मंदिर पहुंचकर की पूजा-अर्चना
कलेक्टर ने ग्राम बिलपांक स्थित ऐतिहासिक विरूपाक्ष मंदिर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर की ऐतिहासिक महत्ता एवं इतिहास के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में अतिरिक्त डॉक्टर की व्यवस्था के निर्देश
आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाइयों के स्टॉक का अवलोकन किया तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र में एक अतिरिक्त डॉक्टर की व्यवस्था के लिए प्रस्ताव तैयार कर भोपाल भेजें, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

बच्चों के बीच बैठकर भोजन की गुणवत्ता की ली जानकारी
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 पहुंचकर बच्चों के साथ समय बिताया। वे बच्चों के बीच बैठकर उनसे आत्मीयता से बातचीत की और आंगनबाड़ी में प्रतिदिन मिलने वाले भोजन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से भोजन का स्वाद पूछा तथा यह भी जाना कि उन्हें खाने में क्या-क्या दिया जाता है।
कलेक्टर ने साझा चूल्हा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित भोजन उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित करें। भोजन की व्यवस्था सेंट्रलाइज तरीके से करने की दिशा में कार्य करें, ताकि भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जिलाधिकारी, स्थानिक जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *