अशुभ से शुभ में और शुभ से शुद्धता में आना मोक्ष का रास्ता-श्रमण संघीय प्रवर्तक श्री प्रकाश मुनिजी मसा

रतलाम 20 नवंबर। परमात्मा की वाणी परिग्रह पर रोक लगाने के लिए प्रेरित करती है। इससे प्रेरित होकर भाव सुधारोगे, तो भव सुधर जाएगा। अशुभ से शुभ में आना और शुभ से शुद्धता में आना ये मोक्ष का रास्ता है। कर्म छूट गए, तो मोक्ष मिल जाएगा।
यह बात मालव केसरी पूज्य गुरुदेव सौभाग्यमल जी मसा के सुशिष्य रत्नपुरी के रत्न, श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाश मुनिजी मसा ने कही। मोहन टाकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में धर्मसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि धर्म के लिए पुरूषार्थ के भाव पैदा हो, तो समझो कि कुछ किया, अन्यथा बिना पुरूषार्थ के तो कुछ नहीं मिलने वाला है। संयम और चारित्र में बहुत बडा फर्क होता है। संयम एक व्यवस्था है और चारित्र संयम से उंचा है। कषायों को रोकने का नाम संयम है और कषायों को जंहा रोका जाता है, वह चारित्र है। संयम साधन है और चारित्र लक्ष्य है। संयम से मोक्ष नहीं होता है, मोक्ष को चारित्र विशेषकर कषायों के शमन से होता है।
प्रवर्तकश्री ने कहा कि जिसको घर में रहना नहीं आता, वह मोक्ष जाने की बात करता है। परिग्रह में सब उलझे है, किसी से अपनी आदतें छूटती नहीं है। नर्क में जाने के चार कारण है-पहला महारंभ, दूसरा महापरिग्रह, तीसरा मद्यमांस का आहार और चैथा पंचेन्द्रिय जीव की हिंसा करने वाला। समय अपने पर परिग्रह की पकड छोड देना चाहिए, लेकिन वर्तमान में लोग परिग्रह इकठठा करते जा रहे है। इससे कर्मों का बंधन होगा और संसार में ही भटकते रहना पडेगा।
आरंभ में धर्मसभा को प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी मसा ने संबोधित किया। इस मौके पर देश-प्रदेश के अनेक स्थानों के 100 से अधिक गुरूभक्त प्रवर्तकश्री के दर्शन वंदन के लिए रतलाम पहुंचे। धर्मसभा का संचालन रखब चत्तर ने किया। इस दौरान सेवाभावी श्री दर्शन मुनिजी मसा, प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी मसा ठाणा-8, महासती श्री चंदनबालाजी मसा, महासती श्री कल्पनाजी मसा मंचासीन रहे। श्री धर्मदास जैन श्री संघ के सदस्यगण, श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल ट्रस्ट, श्री सौभाग्य तीर्थ ट्रस्ट, श्री सौभाग्य जैन नवयुवक मंडल, श्री सौभाग्य प्रकाश युवक मंडल, श्री सौभाग्य जैन महिला मंडल, श्री सौभाग्य अणु बहु मंडल एवं श्री सौभाग्य प्रकाश बालक-बालिका मंडल के सदस्यगण उपस्थित रहे।

शनिवार को नोलाईपुरा में प्रवचन, शुक्रवार को मनेगी जैन दिवाकर जन्म जयंती
श्रमण संघीय प्रवर्तक पूज्य श्री प्रकाश मुनिजी मसा के प्रवचन 21 नवंबर को नोलाईपुरा स्थित श्री धर्मदास जैन मित्र मंडल स्थानक में होंगे। श्री संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश मूणत ने धर्मसभा में प्रवर्तकश्री की निश्रा में होने वाले आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 22 नवंबर को नीमचौक श्री संघ द्वारा जैन दिवाकर श्री चौथमलजी मसा की जन्म जयंती का समारोह जैन दिवाकर स्मारक सागोद रोड पर आयोजित होगा। इसके बाद 23 नवंबर को मोहन टाकीज स्थित श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में प्रवचन प्रभाविका श्री सुमनप्रभाजी का जन्म दिवस तप, त्याग एवं एकासन तप के साथ गुणानुवाद सभा के रूप में मनाया जाएगा। 24 नवंबर को वर्षावास की पूर्णता पर चातुर्मासिक कृतज्ञता समारोह का आयोजन होगा। इसमें श्रावक-श्राविकाएं चार महीनों में प्रवर्तकश्री से मिले अनुभवों को व्यक्त करेंगे। श्री सौभाग्य प्रकाश दरबार में 25 नवंबर को सुबह 7.30 से 8.15 बजे तक नवकारसी होगी, फिर 8.31 बजे प्रवर्तकश्री का मंगलमय विहार होगा। उनकी विहार यात्रा नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए सागोद रोड स्थित श्री सौभाग्य तीर्थ पहुंचकर धर्मसभा में परिवर्तित होगी। चातुर्मास आयोजन समिति के अध्यक्ष पारसमल वोरा, उपाध्यक्ष इंदरमल चोपडा, महामंत्री संदीप चौरडिया, कोषाध्यक्ष मुकेश चौरडिया एवं भंवरलाल पुंगलिया ने सभी कार्यक्रमों में सहभागिता की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *