- समाज की एकता, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और युवाओं के रोजगार पर हुआ विचार-विमर्श
- आगामी वर्ष के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी बनी


रतलाम। श्री मैथिल ब्राह्मण समाज समिति रतलाम द्वारा बरबड़ हनुमान मंदिर परिसर में दीपावली मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजजनों ने आपसी मेल-मिलाप के साथ समाज के विकास, संगठन की मजबूती और भविष्य की योजनाओं को लेकर अपने विचार रखे।
आयोजन के दौरान समाज में एकता और आपसी समन्वय बढ़ाने, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता एवं शिक्षा को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही युवाओं के भविष्य, रोजगार के अवसरों तथा बच्चों को संस्कारित कर सनातन रीति-रिवाजों एवं परंपराओं से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
समाजजनों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बैठक में आगामी वर्ष में आयोजित होने वाले सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई।
उल्लेखनीय है कि रतलाम में पिछले लगभग 40 वर्षों से मैथिल ब्राह्मण समाज के परिवार निवासरत हैं। वर्तमान में समाज के लगभग 60 परिवार यहां रह रहे हैं। समाज द्वारा समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव का आयोजन भी इसी सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।