
इंदौर (राजेश जैन दद्दू)। वर्तमान समय में दिगम्बर जैन समाज में सोशल मीडिया पर जिस प्रकार संतों के पुराने वीडियो के अंश निकालकर, विभिन्न परिस्थितियों एवं आपसी विवादों के संदर्भ में प्रचारित किए जा रहे हैं, वह अत्यंत चिंताजनक और समाज की गरिमा के लिए पीड़ादायक है। राष्ट्रीय जिन शासन एकता संघ, श्री दिगंबर जैन महासमिति, दिगंबर जैन समाज समाजिक सांसद के प्रवक्ता राजेश जैन दद्दू ने कहा कि धर्म, संतों की वाणी और समाज की आस्था को इस प्रकार विवादों का विषय बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। किसी भी वीडियो का अधूरा अंश प्रसारित कर गलत अर्थ निकालना, संतों की छवि को प्रभावित करना अथवा समाज में भ्रम और तनाव पैदा करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं कहा जा सकता। आखिर इस पर रोक कौन लगाएगा, यह प्रश्न आज प्रत्येक जागरूक श्रावक के मन में उठ रहा है। संत समाज का मार्गदर्शन करते हैं, समाज संतों का सम्मान करता है और सोशल मीडिया पर सक्रिय प्रत्येक व्यक्ति की भी समाज के प्रति जिम्मेदारी है। किसी को भी विषय पर स्वार्थ, व्यक्तिगत विरोध या गुटबाजी के लिए संतों की वाणी का दुरुपयोग करने का अधिकार नहीं होना चाहिए। आज आवश्यकता है कि समाज के वरिष्ठजन, धार्मिक संस्थाएं और जिम्मेदार पदाधिकारी आगे आएं तथा सोशल मीडिया के लिए स्पष्ट मर्यादा और आचार संहिता निर्धारित करें। मतभेद हो सकते हैं, और विचारों में अंतर भी हो सकता है, लेकिन संतों को विवादों का माध्यम बनाना और धर्म की गरिमा को ठेस पहुंचाना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। समाज को जागना होगा, जिम्मेदार लोगों को आगे आना होगा और इस अनर्गल प्रचार पर रोक लगाने के लिए ठोस पहल करनी होगी।
वरिष्ठ समाजसेवी डॉ जैनेन्द्र जैन ने कहा कि श्रंमण संस्कृति के संतों का सम्मान, समाज की एकता और धर्म की गरिमा सर्वोपरि है। धर्म की रक्षा केवल मंदिरों में नहीं, बल्कि हमारी वाणी, व्यवहार और सोशल मीडिया की मर्यादा में भी दिखाई देनी चाहिए। समाजहित में एक विनम्र अपील है कि हम सभी अपनी लेखनी को संयम, अपनी वाणी को विवेक और अपने विचारों को मर्यादा का आवरण प्रदान करें, ताकि श्रमण संस्कृति की पवित्र परम्परा अक्षुण्ण बनी रहे और आने वाली पीढ़ी को एक संस्कारित, एकताबद्ध और गरिमामय समाज प्राप्त हो।