

रतलाम। राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, ग्वालियर द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 के अंतर्गत 18 एवं 19 नवंबर को अंतरजिला विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सरस्वती संगीत महाविद्यालय, काटजू नगर, रतलाम के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों आयुष बारोठ एवं वैभव ने तबला वादन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्था एवं रतलाम का गौरव बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर आयोजित सम्मान एवं बधाई के अवसर पर समिति के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सखलेचा ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि संस्कारों की जन्मभूमि है। यहाँ किताबों से पहले प्रणाम और अक्षरों से पहले आचरण सिखाया जाता है। आज इसी संस्कारभूमि के दो नन्हे कलाकारों ने राज्य स्तर पर तबला वादन में प्रथम स्थान प्राप्त कर हम सभी का मस्तक गर्व से ऊँचा कर दिया है।
समिति के सचिव श्री शैलेंद्र सुरेका ने कहा कि तबला सीखना केवल ताल से खेलना नहीं, बल्कि बच्चे के जीवन में लय और अनुशासन लाना है। हमारे गुरु श्री तल्लीन त्रिवेदी ने इन बच्चों को केवल तबला वादन ही नहीं, बल्कि अनुशासन और संस्कार भी सिखाए हैं। आज मंच पर जो ताल गूँजी है, वह आयुष और वैभव के प्रयासों के साथ-साथ गुरु श्री तल्लीन त्रिवेदी जी के समर्पण और साधना का भी प्रतिफल है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर समिति के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र सखलेचा, सचिव श्री शैलेंद्र सुरेका, उपाध्यक्ष श्री सुनील लाठी, प्राचार्य श्रीमती तोषी शर्मा एवं प्राचार्य श्रीमती वत्सला रूनवाल ने विद्यार्थियों एवं उनके गुरु को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।