- शिक्षक सांस्कृतिक मंच का दीप मिलन उत्सव संपन्न
- रचनाकार कवियों का हुआ सम्मान




रतलाम 23 नवम्बर। दीपावली के जगमग प्रकाश में हम सबके जीवन प्रफुल्लित प्रसन्नचित और आलोकित बना रहे आपसी सौहार्द और मन में विश्वास तथा समाज में प्रेम तथा सद्भावना के सेतु मजबूत रहे। हमारी संस्कृति और परंपराओं का गुणगान इसी प्रकार चलता रहे उमंग और उत्साह से जीवन की खुशियों को परिवार समाज और देश के साथ मनावें। आने वाली चुनौतियों का दृढ़ता से सामना करें हम अपने आप को सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनाते हुए अपने पुरुषार्थ से सम्मान प्रतिष्ठा और समृद्धता प्राप्त करें।
उपरोक्त विचार शिक्षक सांस्कृतिक संगठन मंच द्वारा आयोजित दीप मिलन उत्सव में संस्था के परामर्शदाता साहित्यकार डॉ. मुरलीधर चांदनी वाला ने व्यक्त किये। आपने कहा कि हम अपने उत्सव और त्योहार पूरी समर्पण भावना से उनके पारंपरिक स्वरूप के साथ आयोजित करते हुए मनावें ताकि आने वाली पीढ़ी उन परंपराओं का निष्ठा पूर्वक पालन करें। समारोह में उपस्थित वरिष्ठ कवि जुझार सिंह भाटी ने अपनी कविताओं के माध्यम से प्रेम और सद्भावना का संदेश प्रदान किया। वर्तमान समय की जीवन शैली पर कटाक्ष करते हुए आपने मालवा की मिट्टी की खुशबू की महत्ता को प्रतिपादित किया। आपने अपनी हास्य रचनाओं से दीपावली के त्यौहार का महत्व बताया ।
वरिष्ठ साहित्यकार कैलाश वशिष्ठ ने कहा कि दीपावली की मिठास समाज में समरसता का भाव घोलती है सामाजिक कड़वाहट और दूरियों को मिटाने का कार्य करती है आपने अपनी रचनाओं के माध्यम से उपस्थित श्रोताओं और शिक्षक साथियों को गुदगुदाते हुए हंसने पर विवश किया। दोनों कवियों का संस्था द्वारा शाल श्रीफल देकर सम्मान किया गया।
सर्वश्री शांतिलाल गोयल (शांतनु), श्याम सुंदर भाटी, सुरेश माथुर, मोडीराम सोलंकी एकान्, मोहम्मद आबेदीन, सुरेश शिकारी, मालवी कवि दिनेश बारोट, कैंसर केयर यूनिट के संचालक समाजसेवी अशोक अग्रवाल आदि ने कविता के माध्यम से मिलन उत्सव और मिलन समारोह के महत्व पर प्रकाश डाला।
आरंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया सरस्वती वंदना गीत आरती त्रिवेदी ने प्रस्तुत की।संस्था अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि दीपावली उत्सव का आनंद असीमित होता है खुशियां जितनी बांटकर मनाई जाए उतनी अच्छी लगती है हम अपने संस्कार और परंपराएं अपनी भावनाओं से व्यक्त करें एक दूसरे से जुड़कर सामूहिक रूप से अपनी खुशियां मनाते हुए हम अपने इर्द-गिर्द असमानता अशिक्षा और गरीबी के अंधकार को भी दूर करने की प्रतिज्ञा ले यही इस उत्सव का प्रमुख उद्देश्य है।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष कृष्ण चंद्र ठाकुर, नरेंद्र सिंह राठौड़, राधेश्याम तोगड़े, दशरथ जोशी, अनिल जोशी, स्वतंत्र दशोत्तर, प्रतिभा चांदनी वाला, भारती उपाध्याय रक्षा के कुमार, मदनलाल मेहरा,रमेश परमार, कमल सिंह सोलंकी, अर्पित मेहरा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लायंस क्लब के झोन चेयर पर्सन श्री एमके जैन, पूर्व अध्यक्ष संदीप निगम, लायंस क्लब समर्पण अध्यक्ष नीलिमा छवि सिंह, समाजसेवी महेश व्यास, कमलेश पालीवाल विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश बारोट तथा आभार रक्षा के कुमार ने व्यक्त किया।