
जावरा (अभय सुराणा) । मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक डॉ. बकुल लाड ने आज जावरा में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व विकास कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने समाज सेवा में सक्रिय भागीदारी, सामुदायिक नेतृत्व तथा पाठ्यक्रम के महत्व पर विस्तार से चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को समाज के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. लाड ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सामुदायिक नेतृत्व विकास कार्यक्रम केवल शैक्षणिक पाठ्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र की समस्याओं को समझकर जनहित एवं सामाजिक परिवर्तन के कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड समन्वयक युवराज सिंह पंवार, जन अभियान परिषद से जुड़ी नवांकुर समिति अटल ग्राम विकास समिति के अभय कोठारी, चित्रांश वेलफेयर सोसाइटी के शिवेंद्र माथुर, समाजसेवी वीरेंद्र सिंह चौहान, मारुति शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति से लखन सिंह सिसोदिया, परामर्शदाता अंकित ठाकुर, सागर बरसोलिया एवं भावना परमार एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने समाज सेवा, सामुदायिक सहभागिता एवं पाठ्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण विकास और सामाजिक कार्यों में अपनी भूमिका को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज के उत्थान, जनजागृति एवं जनभागीदारी के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।