- पातालपानी–कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन सहित विभिन्न स्टेशनों एवं ऐतिहासिक स्टीम लोकोमोटिव पर आयोजित किए गए जागरूकता कार्यक्रम
- यात्रियों एवं आमजन को भारतीय रेलवे की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत से कराया गया परिचित



रतलाम 25 नवंबर। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में 19 से 25 नवंबर 2026 तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया गया। इस अवसर पर मंडल द्वारा भारतीय रेलवे की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा इसके प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी श्री मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पातालपानी–कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन संख्या 52965/66 में विशेष जागरूकता संगोष्ठी एवं प्रश्नोत्तरी सत्र का आयोजन किया गया। डिपो के कर्मचारियों ने यात्रियों को इस ऐतिहासिक रेलखंड की विरासत, उसके महत्व एवं विशेषताओं की जानकारी दी। ट्रेन में विश्व धरोहर सप्ताह से संबंधित जागरूकता पोस्टर प्रदर्शित किए गए तथा पातालपानी–कालाकुंड रेलखंड की समृद्ध विरासत को दर्शाने वाली जानकारीपूर्ण पुस्तिकाओं का यात्रियों के बीच वितरण किया गया।
इसी प्रकार ऐतिहासिक स्टीम लोकोमोटिव, दाहोद रेलवे स्टेशन, उज्जैन रेलवे स्टेशन, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय रतलाम तथा रतलाम रेलवे स्टेशन पर भी जागरूकता संगोष्ठियों एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों एवं उपस्थित लोगों को भारतीय रेलवे की ऐतिहासिक धरोहर, पुराने भाप इंजनों तथा रेलवे की गौरवशाली विरासत के महत्व से अवगत कराया गया।
विश्व धरोहर सप्ताह का आयोजन यूनेस्को द्वारा प्रतिवर्ष 19 से 25 नवंबर तक किया जाता है। भारतीय रेलवे द्वारा भी इस सप्ताह के दौरान अपने ऐतिहासिक स्थलों, विरासत रेलखंडों, संग्रहालयों एवं धरोहर संपत्तियों के संरक्षण और उनके प्रचार-प्रसार के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
रतलाम मंडल द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य रेलवे की ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी एवं आमजन से जोड़ना तथा इसके संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है।