स्थायी रंबल स्ट्रिप्स, सोलर ब्लिंकिंग लाइट्स, चेतावनी बोर्ड, सड़क पर रेडियम से बड़े अक्षर से चेतावनी एवं यातायात व्यवस्था की उठाई मांग, कहा- किसी बड़े हादसे से पहले हो सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जावरा (अभय सुराणा) । जावरा-रतलाम फोरलेन पर जावरा से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध सकस बावजी मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर फोरलेन के मध्य स्थित होने के कारण श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार से गुजरते भारी वाहनों के बीच सड़क पार कर मंदिर पहुंचना पड़ता है। मंदिर के दोनों ओर प्रसाद की दुकानें होने से यहां वाहनों का रुकना और श्रद्धालुओं का सड़क पार करना आम बात है। ऐसे में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर विषय को लेकर अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष राजकुमार हरण ने पहल करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जावरा, क्षेत्रीय विकास आयुक्त उज्जैन, सड़क निर्माण ठेकेदार अशोक बिल्डकॉन, एस डी एम जावरा, डी एस पी यातायात रतलाम जिला, यातायात थाना निरीक्षक जावरा को अलग-अलग पत्र प्रेषित किए हैं। इन पत्रों के माध्यम से सकस बावजी मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्थायी एवं प्रभावी इंतजाम करने की मांग की गई है।
राजकुमार हरण ने पत्रों में उल्लेख किया है कि पूर्व में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां अस्थायी रूप से जिग-जैग बैरिकेट्स लगाए गए थे, लेकिन वर्तमान में इनके उपलब्ध नहीं होने से श्रद्धालुओं को जोखिम उठाकर फोरलेन पार करना पड़ता है। कई बार यहां दुर्घटनाएं होते-होते टली हैं। ऐसे में किसी बड़ी दुर्घटना के घटित होने की प्रतीक्षा करने के बजाय समय रहते सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया जाना आवश्यक है।
सात प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित कराया
राजकुमार हरण ने अपने पत्रों में सकस बावजी मंदिर के दोनों ओर मजबूत एवं स्थायी जिग-जैग बैरिकेट्स लगाने, पर्याप्त दूरी पर सोलर आधारित ब्लिंकिंग चेतावनी लाइट्स स्थापित करने, फोरलेन के दोनों ओर बड़े चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने तथा तकनीकी निरीक्षण के बाद नियमानुसार रंबल स्ट्रिप्स एवं अन्य गति नियंत्रण उपाय करने की मांग की है।
इसके साथ ही मंदिर क्षेत्र को दुर्घटना संभावित क्षेत्र (एक्सीडेंट प्रोन जोन) के रूप में चिह्नित करने, रविवार, अवकाश एवं धार्मिक अवसरों पर पुलिस एवं यातायात कर्मियों की तैनाती करने तथा प्रसाद की दुकानों के आसपास वाहनों के अनियंत्रित ठहराव को व्यवस्थित करने की मांग भी की गई है।
हजारों श्रद्धालुओं के जीवन की सुरक्षा का सवाल
राजकुमार हरण ने कहा कि सकस बावजी मंदिर क्षेत्र की समस्या केवल यातायात व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रतिदिन मंदिर पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों को व्यस्त फोरलेन पार करने में जोखिम उठाना पड़ता है। प्रशासन एवं संबंधित विभागों को किसी अप्रिय घटना की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अपने-अपने विभाग के अधिकार क्षेत्र में शीघ्र कार्रवाई करने तथा आपसी समन्वय से मंदिर क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उक्त जानकारी संगठन के जिला मीडिया प्रभारी प्रतीक लोढ़ा ने देते हुए कहा कि संगठन के माध्यम से आगे भी जिले की समस्याओं से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।