चार राज्यों के 65 युवाओं को मिला छह दिवसीय प्रशिक्षण, नशामुक्ति, आत्मरक्षा और राष्ट्र की आंतरिक चुनौतियों से निपटने का दिया संदेश


बड़ावदा। आलोट विधानसभा के बड़ावदा मंडल अंतर्गत वीरपुरा बोर मगर स्थित आश्रम पर रतलाम जिला मार्शल आर्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय युवा प्रशिक्षण शिविर का समापन भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र सिंह बागेड़ी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण शिविर में चार राज्यों के 65 युवाओं ने सहभागिता की। शिविर में युवाओं को नशामुक्ति, आत्मरक्षा तथा देश की आंतरिक चुनौतियों से निपटने के लिए जागरूक एवं प्रशिक्षित किया गया।
इस अवसर पर युवाओं से संवाद करते हुए जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बागेड़ी ने कहा कि वर्तमान समय में देश को बाहरी चुनौतियों के साथ-साथ आंतरिक चुनौतियों से निपटने के लिए भी सजग और संगठित रहने की आवश्यकता है। युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
प्रवास के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से भाजपा की रीति-नीति तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी नेपाल सिंह डोडिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होकर आगे आना होगा।
इस अवसर पर बड़ावदा मंडल अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने समस्त कार्यकर्ताओं की ओर से जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बागेड़ी का शाल, श्रीफल एवं भगवान बलराम की तस्वीर भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। उपस्थित वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर अपने विचार साझा किए।
प्रशिक्षक बलवंत सिंह देवड़ा ने प्रदेशभर में संचालित इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्यों एवं युवाओं के लिए उनकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिला योजना समिति सदस्य अनिल अवस्थी, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि राजेंद्र कुमावत, राघव सिंह, बंकट आचार्य, हरिराम चौधरी, रामलाल टेलर, कारूलाल जाट, शांतिलाल जायसवाल, लोकपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, रमेश चौधरी, प्रहलाद पाटीदार, अतुल राठौड़, जगदीश आंजना, वीरेंद्र नायमा, अनिल हाड़ा, अरुण कुमावत, योगेंद्र सिंह सिसोदिया, उमराव सिंह गुर्जर, सुमेर सिंह सोलंकी, महेश धाकड़ सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री वेदांश अमन हिंगड़ ने किया तथा आभार मंडल महामंत्री प्रभुलाल मालवीय ने व्यक्त किया।