शाश्वत ट्रस्ट ने जैन तीर्थ सम्मेदशिखर जी मे कंबल वितरण अभियान का किया शुभारंभ, 473 कंबलों का वितरण

जगदीश जैन, पानीपत के सौजन्य से शाश्वत ट्रस्ट,जैन तीर्थ सम्मेदशिखर जी मे शुरू किया यह सेवा अभियान, डोली मजदूरों एवं ग्रामीण विद्यालय के बच्चों को मिलेगी ठंड से राहत

जैन तीर्थ श्रीसम्मेदशिखर जी । बीस तीर्थंकरों की निर्वाण भूमि विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल जैन तीर्थ श्री सम्मेदशिखरजी, मधुबन इन दिनों देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों से गुलजार है। एक ओर जहां तीर्थक्षेत्र में कई मुनि महाराज एवं आर्यिका माताजी के धार्मिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ठंड ने भी दस्तक देनी शुरू कर दी है। ऐसे में जरूरतमंदों एवं असहाय लोगों को ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से श्री दिगम्बर जैन शाश्वत तीर्थराज सम्मेदशिखर ट्रस्ट, मधुबन की ओर से शुक्रवार को शाश्वत विहार (निहारिका) परिसर में कंबल वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कम्बम वितरण जगदीश जैन, पानीपत के सौजन्य से किया जा रहा है।
ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष जम्मू प्रसाद जैन के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सी.पी. जैन (दिल्ली, पूर्व अध्यक्ष एनटीपीसी), ट्रस्ट उपाध्यक्ष अनिल जैन (दुर्गापुर), न्यासी मनोज जैन (धनबाद) एवं मधुबन थाना से मिंज की गरिमामयी उपस्थिति में सामूहिक दीप प्रज्वलित कर किया गया। अभियान के प्रथम चरण में कुल 473 कंबलों का वितरण किया गया।
इस दौरान मधुबन के उन मेहनतकश डोली मजदूरों के बीच कंबलों का वितरण किया गया, जो अपनी मेहनत और लगन से देर रात तक तीर्थयात्रियों को डोली के माध्यम से पर्वत वंदना कराते हैं। इसके साथ ही मधुबन पंचायत अंतर्गत बिरनगड्डा गांव स्थित विद्यालय में अध्ययनरत सैकड़ों छोटे-छोटे बच्चों एवं बच्चियों को भी कंबल प्रदान किए गए। बच्चों के बीच अल्पाहार का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में डोली मजदूर एवं विद्यालय के बच्चे निर्धारित समय से पहले ही निहारिका परिसर पहुंच गए थे। सभी के चेहरों पर ठंड से राहत मिलने की उम्मीद और कंबल प्राप्त करने की उत्सुकता साफ दिखाई दे रही थी। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के प्रबंधक संजीव जैन एवं ऑफिस एडमिनिस्ट्रेटर ए. सईदी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं अतिथियों का तिलक लगाकर तथा अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष जम्मू प्रसाद जैन ने कहा कि निहारिका परिसर में उपस्थित नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं दिन-रात कठिन परिश्रम करने वाले डोली मजदूरों के प्रति संस्था हमेशा संवेदनशील रही है। जरूरतमंदों एवं मेहनतकश लोगों की सेवा करना संस्था के सेवा संकल्प का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि समाज के इन वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संस्था की ओर से हरसंभव सहयोग जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
ट्रस्ट के महामंत्री राजकुमार जैन अजमेरा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कंबल वितरण अभियान केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे कई चरणों में संचालित किया जाएगा। इसके तहत मधुबन एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को चिह्नित कर उनके बीच कंबलों का वितरण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।

सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में भी सक्रिय है ट्रस्ट
श्री दिगम्बर जैन शाश्वत तीर्थराज सम्मेदशिखर ट्रस्ट, मधुबन धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी कार्यों में भी समय-समय पर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। ट्रस्ट की ओर से कंबल वितरण के अलावा दिव्यांग शिविर, प्री-कैंसर जांच शिविर, वृक्षारोपण अभियान, कोरोना काल के दौरान जरूरतमंद परिवारों के बीच राशन वितरण जैसे कई सेवा कार्य किए जाते रहे हैं। इसके अतिरिक्त खेलकूद एवं युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भी विभिन्न आयोजनों का संचालन किया जाता रहा है। संस्था का उद्देश्य धार्मिक गतिविधियों के साथ समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सेवा, सहयोग एवं मानवीय संवेदना पहुंचाना है।
कार्यक्रम में ट्रस्ट प्रबंधक संजीव जैन, ऑफिस एडमिनिस्ट्रेटर ए. सईदी, पवन शर्मा, भोला तिवारी, अशोक दास, मुकेश महतो, शैलेंद्र जैन, बिरनगड्डा विद्यालय के शिक्षक प्रेमचंद महतो, समाजसेवी कैलाश, शिवलाल साहू, समन्दर सहित ट्रस्ट की पूरी टीम उत्साह एवं समर्पण के साथ उपस्थित रही।
ठंड के शुरुआती दौर में ही ट्रस्ट की इस पहल से सैकड़ों जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया। जगदीश जैन, पानीपत के सहयोग से ट्रस्ट द्वारा संचालित यह अभियान मानव सेवा, सामाजिक दायित्व एवं परस्पर सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

संकलन कर्ता कोडरमा मीडिया प्रभारी राज कुमार जैन अजमेरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *