रतलाम पधारने का दिया आमंत्रण


रतलाम। आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित भारत की चार प्रमुख धर्म पीठों में से दक्षिणाम्नाय श्री श्रृंगेरी शारदा पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य परम पूज्य स्वामी श्री विधुशेखर भारती जी महाराज के उज्जैन आगमन पर श्री सनातन धर्म सभा एवं महारुद्र यज्ञ समिति, रतलाम के प्रतिनिधिमंडल ने उज्जैन पहुंचकर उनका दर्शन-लाभ प्राप्त किया तथा पावन सानिध्य में आशीर्वाद प्राप्त किया।
सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष अनिल झालानी, सदस्य सत्यनारायण पालीवाल, मनोज बोराणा, डॉ सुरेश दवे एवं अनिल पुरोहित सहित श्री सनातन धर्म सभा एवं महारुद्र यज्ञ समिति के प्रतिनिधिमंडल ने परम पूज्य स्वामी जी का पुष्पहार, शाल एवं श्रीफल से अभिनंदन किया तथा रतलाम की ओर से रुद्राक्ष माला, स्फटिक शिवलिंग एवं प्रसिद्ध रतलामी सेव-मिष्ठान भेंटकर अपनी श्रद्धा अर्पित की। इस अवसर पर स्वामी जी ने सभी को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। प्रतिनिधिमंडल सर्वप्रथम नरसिंह घाट के समीप श्री ललिता त्रिपुर सुंदरी शक्तिपीठ आश्रम पहुंचा जहाँ स्वामी जी द्वारा आयोजित व संचालित शास्त्रर्थ कार्यक्रम मे प्रवचन लाभ लिया जहाँ सदस्यों ने स्वामी वीतरागानंद जी एवं स्वामी शैलेशानंद गिरि जी का भी अभिनंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर शास्त्रों, वेद-वेदांत, भारतीय आध्यात्मिक परंपरा तथा सनातन धर्म के मूल सिद्धांतों के महत्व पर संतों का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ।
इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल स्वामी जी के साथ इंदौर रोड स्थित डौंडिया ग्राम में नवनिर्मित आश्रम पहुंचा, जहां सदस्यों ने स्वामी श्री विधुशेखर भारती जी महाराज से रतलाम के त्रिवेणी तट पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले ऐतिहासिक महारुद्र यज्ञ के 73 वें आयोजन में अतिथि के रूप में पधारने का सादर आग्रह किया। रतलाम की धार्मिक एवं आध्यात्मिक परंपरा तथा महारुद्र यज्ञ के महत्व से अवगत कराते हुए प्रतिनिधिमंडल ने स्वामी जी को इस पावन आयोजन की जानकारी दी।
सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष अनिल झालानी ने बताया कि परम पूज्य शंकराचार्य जी उज्जैन में नवनिर्मित शारदा मंदिर एवं श्रृंगेरी शंकर मठ की स्थापना, प्राण-प्रतिष्ठा तथा कुंभाभिषेक के निमित्त आयोजित भव्य धार्मिक महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए पधारे थे। उनके दो माह के उत्तर भारत के धर्ममय प्रवास के दौरान रतलाम के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे भेंट कर धर्म, संस्कृति और सनातन परम्पराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।