


इंदौर (राजेश जैन दद्दू)। दिगंबर जैन परवार सभा के संयोजन में रविंद्र नाटयग्रह में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतीय सर्व दिगंबर जैन युवक युवती परिचय सम्मेलन में प्रथम दिन दिन लगभग डेढ़ सौ युवक युवतियों ने अपने मनपसंद जीवनसाथी की तलाश के लिए मंच से परिचय दिया। सभा के मिडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू ने बताया कि श्वेता सुनीता वंदना एवं संगीता जैन के मंगलाचरण से प्रारंभ परिचय सम्मेलन के गौरव अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी सर्वश्री मनीष नायक, राजीव जैन पार्षद, महेंद्र सिंघई, एवं राजीव जैन बीड़ी वाले थे।
सभा के अध्यक्ष राकेश चेतक ने बताया कि 1200 प्रत्याशियों से परिपूर्ण बहुरंगी पत्रिका परिणय मिलन का विमोचन संपादक अनिल रावत ने अतिथियों से कराया।अतिथी मनीष नायक ने कहा कि आज जबकि सामाजिक संरचना कमजोर हो रही है, परिवार टूट रहे हैं और समाज में लोगों का परस्पर में एक दूसरे से जीवंत संपर्क भी कम होता जा रहा है ऐसी स्थिति में युवक युवती परिचय सम्मेलन जीवन साथी की तलाश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आपने अभिभावकों एवं युवक युवती प्रत्याशियों से आव्हान किया कि मंच के माध्यम से प्राप्त परिचय को परिणय में बदलें और सम्मेलन को सार्थक बनाएं। पार्षद राजीव जैन ने समाज में विजातीय विवाह, लव मैरिज और तलाक की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि परिचय सम्मेलन मात्र नाम,गोत्रऔर बायोडाटा साझा करने का माध्यम नहीं है बल्कि सही और योग्य जीवन साथी की खोज करने का सशक्त माध्यम है
प्रारंभ में आचार्यश्री विद्यासागरजी के चित्र का अनावरण एवं चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन श्री विमल सिंघई,अशोक जैन अखिलेश सिंघई,आदि ने किया। ध्वजारोहण किया श्री राजीव जैन बंटी भैया ने एवं अतिथियों का स्वागत परवार सभा के अध्यक्ष राकेश जैन चेतक, संदीप जैन गिन्नी, अनिल जैन सप्पु सुदीप जैन एवं अनिल जैनको ने किया। सम्मेलन में काफी संख्या में स्थानीय एवं बाहर के प्रत्याशी सम्मिलित हुए। इस अवसर पर सुमधुर गायक श्री विपिन लुहाडिया के मधुर गीत भजन एवं हास्य व्यंग्य की छोटी-छोटी कविताओं ने भी लोगों का खूब मनोरंजन किया। सम्मेलन एवं परिचय सत्र का संचालन श्री सुरेंद्र जैन,प्रद्युम्न जैन, बिंदु जैन,रितिका जैन ने किया। रात्रि में विश्व प्रसिद्ध रंगरेज कला संस्कार समिति उज्जैन द्वारा सती चंदन वाला नृत्य नाटिका का मंचन भी हुआ जिसे खूब सराहना मिली।
सम्मेलन में समाज के वरिष्ठ सर्वश्री सतीश डबडेरा, योगेश सरदार मल, डॉ जैनेंद्र जैन, प्रदीप जैन बल्ला हेमंत मोदी, डीके जैन, देवेंद्र जनता आशीष जैन सूतवाले, आदि गणमान्य उपस्थित थे।