- पेयजल का नियमित बिल भरने वाले उपभोक्ताओं के साथ कोई अन्याय न हो
- पेयजल संकट से निपटने के लिए परिवहन नहीं, स्थायी समाधान की कार्ययोजना बनाएं


रतलाम 28 नवंबर । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम आयुक्त को 650 फ्री नलजल कनेक्शनों के मामले में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से जलकर का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। पेयजल संकट से निपटने के लिए पेयजल परिवहन पर निर्भर रहने के बजाय स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार की जाए।
नगर निगम क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 650 फ्री नलजल कनेक्शन संचालित हैं, जिनमें करीब 300 धार्मिक स्थलों तथा 350 निजी क्षेत्रों में हैं। कलेक्टर ने इन कनेक्शनों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि फ्री कनेक्शन के कारण बिजली का दोहन हो रहा है तथा नगर निगम को वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है। इन कनेक्शनों के कारण लगभग 30 लाख रुपए बिजली बिल तथा करीब 35 लाख रुपए मेंटेनेंस पर खर्च हो रहे हैं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पेयजल परिवहन की कार्ययोजना नहीं बनाएं, स्थायी समाधान पर ध्यान दें
जिले में इस वर्ष कम वर्षा को देखते हुए पेयजल संकट एवं उससे निपटने की कार्ययोजना पर बैठक में प्राथमिकता से चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में पेयजल परिवहन को सामान्य कार्ययोजना का हिस्सा नहीं बनाया जाए। स्थायी एवं स्थानीय स्तर पर पेयजल समाधान विकसित करने पर ध्यान दिया जाए। अत्यंत आवश्यक स्थिति में पेयजल परिवहन के लिए एसडीएम की अनुमति अनिवार्य होगी। इस संबंध में पीओ डूडा को आदेश तैयार करने के निर्देश दिए गए।
तालाबों से सीधे सिंचाई किए जाने पर प्रतिबंध लगाने के लिए अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। नगरीय निकायों में पुरानी बावड़ियों, बोरवेल आदि को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जल संकट की स्थिति में वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। बैठक में वर्तमान में ट्यूबवेल खनन पर रोक लगाने से इंकार किया गया।
आवास एवं अमृत 2.0 योजना की भी समीक्षा
पीएम आवास योजना 1.0 के अंतर्गत नगर परिषद पिपलौदा एवं बड़ावदा में अपूर्ण आवासों को लेकर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की तथा लंबित आवासों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। अमृत 2.0 योजना में भौतिक प्रगति की तुलना में वित्तीय प्रगति कम पाए जाने पर समीक्षा की गई। निकायों द्वारा समय पर लिमिट प्राप्त नहीं होने की जानकारी दिए जाने पर कलेक्टर ने इसे गंभीरता से लेते हुए पीओ डूडा श्री अरुण पाठक को संभागीय संयुक्त संचालक को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में निकायों में लंबित भूमि आवंटन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए दिसंबर तक सभी प्रकरणों में भूमि आवंटन की कार्रवाई पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में पीएम स्वनिधि, पीएम आवास योजना 1.0 एवं 2.0, सीएम हेल्पलाइन, अमृत 2.0 तथा पेयजल संकट सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।