मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितता पर कलेक्टर श्री कटेसरिया ने की कार्रवाई

विद्यालय रिंगनोद प्रभारी प्राचार्य पर अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित

रतलाम 28 नवंबर । जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सिमरन सूर्यवंशी ने बताया कि मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर 16 अक्तूबर 2026 को पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिंगनोद के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों को वितरीत की जाने वाली निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें अव्यवस्थित एवं असंरक्षित अवस्था में पाई गई थीं। प्रभारी प्राचार्य संजय कुमार भट्ट द्वारा संस्था की पाठ्य-पुस्तकों के व्यवस्थित संधारण एवं उनके समुचित उपयोग हेतु आवश्यक कार्यवाही समय पर सुनिश्चित नहीं की गई। इसी प्रकार वि‌द्यालय के शिक्षकों द्वारा संधारित की जाने वाली दैनिक डायरियां भी अपूर्ण पाई गई थी।
उक्त स्थिति से यह परिलक्षित हुआ कि प्रभारी प्राचार्य द्वारा विद्यालयीन अभिलेखों के नियमित संधारण कार्यों की सतत निगरानी तथा अधीनस्थ शिक्षकों के कार्यों के प्रभावी पर्यवेक्षण के प्रति अपेक्षित गंभीरता एवं तत्परता नहीं बरती गई, जो उनके पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
उक्त अनियमितताओं के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी, जिला रतलाम के द्वारा पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रिंगनोद के प्रभारी प्राचार्य श्री संजय कुमार भट्ट को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था। इसके प्रत्युत्तर में श्री भट्ट द्वारा प्रस्तुत जवाबों एवं उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण में उनके द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया।
इस पर कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया द्वारा श्री संजय कुमार भट्ट प्रभारी प्राचार्य पीएम श्री शासकीय उ.मा.वि. रिंगनोद जिला रतलाम (मूल पद उच्च माध्यमिक शिक्षक मूल विभाग जनजातीय कार्य विभाग) के विरुद्ध उक्त आरोपों के संबंध में अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करते हुए 26 नवंबर 2026 को संभाग आयुक्त (राजस्व) उज्जैन संभाग उज्जैन को पत्र भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *