राजगीर में महात्मा ज्योतिबा फुले की 136वीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि

राजगीर । महान समाज सुधारक, शिक्षा के अग्रदूत एवं सामाजिक क्रांति के जननायक महात्मा ज्योतिबा राव फुले की 136 वीं पुण्यतिथि राजगीर में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कृष्णा हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, अनुमंडल कार्यालय के सामने राजगीर के परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। उपस्थित लोगों ने महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके संघर्षपूर्ण जीवन, विचारों एवं सामाजिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने शिक्षा, समानता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने जातिगत भेदभाव, छुआछूत, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आजीवन संघर्ष करते हुए समाज को एक नई दिशा दी। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा हथियार बनाया और वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का रास्ता दिखाया।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नेत्र चिकित्सक सनोज कुमार ने कहा कि आज भी महात्मा ज्योतिबा फुले के विचार उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही एक समतामूलक, शिक्षित और भेदभावमुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर अंबेडकर जागृति मंच के अध्यक्ष मनोहर कुमार चौधरी, मिशन गायक एवं समाजसेवी हरि ओम अकेला, अधिवक्ता आशुतोष मुखर्जी, भीम चौधरी, चंदन कुमार, अंबेडकर जागृति मंच के सचिव सह जेडीयू के प्रदेश नेता उमेश भगत, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र राजवंशी, आरती देवी, पूर्व वार्ड पार्षद सह अंबेडकर जागृति मंच के उपाध्यक्ष उमेश रजक, नालंदा फुटपाथ दुकानदार संघ के अध्यक्ष सह अंबेडकर जागृति मंच के उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी रमेश कुमार पान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *