जीवदया के सेवा यज्ञ में पहली बार महासंघ की वीरांगना बहन ने बढ़ाया हाथ*

गौ माता सहित सभी पशुओं को गुड़ एवं गो-ग्रास खिलाकर मनाया सदस्यों का जन्मदिन, सेवा और संवेदना का दिया संदेश

जावरा (अभय सुराणा) । श्वेतांबर जैन वरिष्ठ महासंघ द्वारा जीवदया सोसाइटी में गौ माता सहित ऊंट, भैंस बकरियों खरगोश को गुड़ और गो-ग्रास खिलाकर जीवदया का अनुपम कार्य किया गया। इसी अवसर पर नवंबर माह के सदस्यों का सामूहिक जन्मदिन मनाकर खुशियां साझा की गईं।
महासंघ के इतिहास में पहली बार वीरांगना बहन की जीवदया में की सहभागिता
इस आयोजन का विशेष गौरवपूर्ण एवं प्रेरणादायी प्रसंग रहा कि महासंघ में पहली बार एक वीरांगना बहन जीवदया के कार्य में आगे आईं। संस्था की सदस्य वीरांगना धर्मनिष्ठ सुश्राविका श्रीमती रमिला देवी धर्मपत्नी स्व . सरदारमलजी जैन इंदौर ने इस माह के नखरे का लाभ लेते हुए जीवदया कार्य की लाभार्थी बनने का सौभाग्य प्राप्त किया। उनके इस कदम को महिला सहभागिता, करुणा एवं सेवा भावना का अनुकरणीय उदाहरण माना गया। उन्होंने भविष्य में भी अपनी सामर्थ्य अनुसार सेवा कार्यों में सहयोग जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर विनोद लुनिया एवं प्रकाशजी पामेचा द्वारा संस्था को सहयोग राशि प्रदान की गई। उपस्थित नवंबर माह के जन्मदिन वाले सदस्यों का सामूहिक जन्मदिन मनाकर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
अध्यक्ष अभय सुराणा ने अपने उद्बोधन में कहाकि जीवदया जैन धर्म की आत्मा है और प्रत्येक जीव के प्रति करुणा रखना हमारी सबसे बड़ी धार्मिक जिम्मेदारी है। किसी भूखे जीव को भोजन कराना, किसी असहाय प्राणी की पीड़ा को समझना और मूक जीवों के प्रति संवेदना रखना ही सच्चे धर्म एवं मानवता की पहचान है। गौ माता और अन्य पशुओं की सेवा केवल पुण्य अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि हमारे संस्कारों, सद्भावना एवं अहिंसक जीवनशैली का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि आज महासंघ के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि पहली बार हमारी एक वीरांगना बहन श्रीमती रमिला देवी जैन जीवदया के कार्य में आगे आईं और लाभार्थी बनकर इस सेवा अभियान में सहभागी बनीं। यह पहल समाज में महिलाओं की सेवा भावना को नई दिशा देगी। जब मातृशक्ति जीवदया और सामाजिक सेवा में आगे आती है, तो उसका प्रभाव केवल संस्था तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों तक संस्कार के रूप में पहुंचता है। महासंघ का प्रयास है कि जन्मदिन एवं अन्य पारिवारिक खुशियों को सेवा के साथ जोड़कर मनाया जाए, ताकि हर खुशी किसी जरूरतमंद जीव के जीवन में भी राहत और आनंद लेकर आए। उन्होंने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि सेवा कार्यों को केवल आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे जीवन का संस्कार बनाएं।
लाभार्थी श्रीमती रमिला देवी जैन ने अपने भाव व्यक्त करते हुए कहा कि जीवदया के कार्य में सहभागी बनना उनके लिए आत्मिक आनंद एवं सौभाग्य की बात है। मूक प्राणियों की सेवा करने से मन को सुकून मिलता है और जीवन में करुणा का भाव प्रबल होता है। महासंघ ने उन्हें इस पुण्य कार्य से जुड़ने का अवसर दिया, इसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने आगे भी यथाशक्ति जीवदया एवं सेवा कार्यों में सहयोग देने और अन्य बहनों को भी इस दिशा में प्रेरित करने की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन महासंघ के उपाध्यक्ष पुखराज पटवा ने किया। जन्मदिन समिति के अध्यक्ष नेमीचंद जैन ने सदस्यों को माला पहनाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। लाभार्थी परिवार श्रीमती रमिला देवी जैन का श्रीमती रेखा सुराणा ने माला एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। इस अवसर पर शांतिलाल डांगी, श्रेणिक नांदेचा, राजेंद्र कोचर, विनोद लुनिया, प्रकाश पामेचा, प्रकाश श्रीश्रीमाल, हेमंत जैन, सुशील मेहता, ऋषभ छाजेड़, प्रविशा सुराणा, अनमोल सुराणा, मास्टर आरुष पटवा, अयांश एवं अव्यान सुराणा आदि उपस्थित थे। अंत में आभार अनिल धारीवाल (मंडी) ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *