ग्राम पंचायतों में पेयजल टंकी एवं पशु हौद निर्माण शीघ्र प्रारंभ करें : कलेक्टर श्री कटेसरिया

  • बावड़ियों का जीर्णोद्धार व कपिलधारा कुओं के निर्माण को प्राथमिकता दें
  • ‘सुगम संपर्कता सड़क’ के कार्य जून 2027 से प्रारंभ करने के निर्देश

रतलाम 29 नवंबर । जिले में आगामी ग्रीष्मकाल एवं संभावित जल संकट से निपटने के लिए ग्राम पंचायतों में पेयजल टंकियों एवं मवेशियों के लिए पशु हौद निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं। पारंपरिक बावड़ियों का जीर्णोद्धार तथा कपिलधारा कुओं का निर्माण प्राथमिकता से किया जाए। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को उक्त निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने वीबी-जी राम जी योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना एवं प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
इस वर्ष जिले में अल्प वर्षा एवं सूखे की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने वीबी-जी राम जी योजना अंतर्गत स्वीकृत ‘सुगम संपर्कता सड़क’ के कार्य जून 2027 से प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि जल संकट के कारण सड़क निर्माण की गुणवत्ता प्रभावित नहीं हो।
कलेक्टर ने आगामी ग्रीष्मकाल में पेयजल एवं पशुओं के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सभी ग्राम पंचायतों में पेयजल टंकियों एवं पशु हौद निर्माण शीघ्र प्रारंभ करने को कहा। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पारंपरिक बावड़ियों का जीर्णोद्धार तथा सिंचाई एवं जल उपलब्धता बढ़ाने के लिए कपिलधारा कुओं का निर्माण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, सीईओ जनपद, सहायक यंत्री तथा परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *