- स्वामित्व योजना में लापरवाही पर अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस जारी
- स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारी 26 जनवरी को होंगे सम्मानित


रतलाम । कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने 40 प्रतिशत से कम प्रगति वाली तहसीलों की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने, लंबित समस्याओं का तत्काल निराकरण करने तथा पूर्व में स्वामित्व योजना में त्रुटिपूर्ण कार्य करने वाले तत्कालीन अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।
स्वामित्व योजना की समीक्षा बैठक में कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर तहसीलदार रतलाम ग्रामीण तथा पटवारी श्री आशीष चौधरी (रावटी), श्री सुशील बिंडवाल (बांगरोद), श्री विकास यादव (सरवन) एवं श्री निर्मल मग (शिवगढ़) को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित रहने पर तहसीलदार ताल श्री निर्भयसिंह पटेल तथा पटवारी श्री शिवम तिवारी एवं श्री राजेश माना (सैलाना) को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने ग्राम बिरमावल एवं बांगरोद में स्वामित्व योजना के अंतर्गत पूर्व में त्रुटिपूर्ण कार्य किए जाने के मामलों में तत्कालीन संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम बांगरोद, कुआझागर, सरवन एवं शिवगढ़ में रजिस्ट्री कार्यों में आ रही कठिनाइयों एवं समस्याओं का तत्काल समाधान करने को कहा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्वामित्व योजना के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बृजेन्द्र रावत, डिप्टी कलेक्टर श्री संजय शर्मा, श्रीमती राधा महंत सहित संबंधित तहसीलों के तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं पटवारी उपस्थित रहे।